मोहित के हत्यारों को फांसी और घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग

बैतूल | गंज थाना क्षेत्र के कत्लढाना इलाके में क्रिकेट खेलने के विवाद में युवक मोहित गोहे की हत्या के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है। मंगलवार को दुर्गा वार्ड खंजनपुर के बड़ी संख्या में वार्डवासी मोहित के परिजनों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों को फांसी की सजा देने, अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने और मृतक परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की गई। लोगों ने पुलिस से जल्द गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी गंज शिफा हाजमी ने बताया दोनों आरोपी पुनीत कहार और दीपक धुर्वे को गिरफ्तार कर लिया गया है। 18 जनवरी की शाम बीड ग्राउंड खंजनपुर में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान दो पक्षों में विवाद बढ़ गया और पत्थरबाजी शुरू हो गई। छोटे बच्चों की ओर पत्थर गिरने पर उन्हें बचाने और विवाद शांत कराने के लिए मोहित गोहे मौके पर पहुंचे। तभी दीपक और पुनीत निवासी कत्लढाना ने मोहित पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। उनकी मौत हो गई। मोहित हाउसिंग बोर्ड में लिपिक थे और उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। उनकी शादी दो साल पहले हुई थी और उनका एक छोटा बेटा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *