भास्कर संवाददाता | बैतूल जिले में इस बार धान का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ। इसके चलते समर्थन मूल्य पर खरीदी भी टारगेट से ज्यादा हुई। खरीदी की अंतिम तिथि मंगलवार तक जिले के 20 केंद्रों पर 5 लाख 13 हजार 546 क्विंटल धान की खरीदी हुई। इस बार 7 हजार 433 किसानों ने पंजीयन कराकर केंद्रों पर धान बेचा। एक हजार किसानों ने पंजीयन के बाद भी धान नहीं बेचा। जिले में धान खरीदी के लिए 20 केंद्र बनाए गए थे। इनमें से अधिकतर किसानों को भुगतान हो चुका है। अब तक किसानों को एक करोड़ 17 लाख रुपए का भुगतान किया गया। कुल भुगतान एक करोड़ 21 लाख रुपए होना था। जिला खाद्य व आपूर्ति अधिकारी केके टेकाम ने बताया, इस साल खरीदी का टारगेट 50 हजार मेट्रिक टन था। अब तक 51 हजार 354 मेट्रिक टन धान खरीदी हो चुकी है। यानी टारगेट से एक हजार मेट्रिक टन ज्यादा खरीदी हुई।


