तेज धूप निकलने और हवा की गति धीमी होने के कारण गुरुवार को दिन और रात के तापमान में इजाफा हुआ है। लेकिन ठिठुरन में कमी नहीं आई है। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। मौसम ऐसा ही बना रहेगा। अगले दो से तीन दिन में सर्दी में और इजाफा होने की संभावना होने की संभावना है। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। जबकि न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री रहा। यह सामान्य से 2 डिग्री कम है। इससे एक दिन पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री दर्ज किया गया था। इस लिहाज से बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। 4 बाद मौसम बदलने के आसार : मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमोत्तर भारत के ऊपर मध्य समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 222 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से जेट स्ट्रीम हवा बह रही है। इसके प्रभाव से मौसम में ठंडक बनी हुई है। जम्मू एवं संलग्न उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर मध्य समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ स्थित है। इसका प्रभाव 4 जनवरी के बाद मौसम में पड़ सकता है। इससे रात और दिन के तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री के आसपास ही बना रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं।


