गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को राजस्थान के सबसे गर्म जिलों में बीकानेर तीसरे स्थान पर रहा। रविवार को बीकानेर का तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में बीकानेर से भी गर्म बाड़मेर और जैसलमेर जिले रहे। बाड़मेर में रविवार का तापमान 45.6 डिग्री रहा वहीं जैसलमेर का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहा। बीकानेर में अप्रैल के पहले सप्ताह में ही तापमान सामान्य से करीब साढ़े छह डिग्री अधिक चल रहा है। सोमवार से बुधवार तक शहर लू की चपेट में आ सकता है। इसके बाद हल्की पश्चिमी विक्षोभ के कारण गर्मी से राहत मिल सकती है। रविवार को सुबह से ही आसमान साफ था। इसके कारण सुबह आठ बजे से ही धूप के तेवर तीखे थे। दिन चढ़ने के साथ-साथ धूप की तल्खी और बढ़ती गई। हालात यह हो गए कि सुबह 11 बजे बाद ही सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम होने लगी। दोपहर एक बजे तो शहर की मुख्य सड़कें सूनी हो गई। यह स्थिति शाम 4 बजे तक चली। उधर, शाम ढलने के बाद धूप का असर तो कम हो गया लेकिन गर्मी से छुटकारा नहीं मिला। बीती रात का भी तापमान 24.7 डिग्री रहा। जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में बीकानेर लू की चपेट में आ जाएगा। इन दिनों में दिन का तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री से अधिक रहेगा। इसके बाद 10 और 11 अप्रैल को आने वाले हल्के पश्चिमी विक्षोभ के कारण संभाग में कहीं मेघगर्जन हो सकती है। इससे गर्मी से राहत मिलेगी।


