यंग झारखंड से हारकर लट्टू उरांव क्लब टूर्नामेंट से बाहर:9वीं अशोक जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता, प्री क्वार्टर फाइनल 17 को

पश्चिमी सिंहभूम में 9वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को चक्रधरपुर के लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट से बाहर हो गया। वहीं, चाईबासा के यंग झारखंड क्रिकेट क्लब 128 रनों से मैच जीत कर प्री क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अब प्री क्वार्टर फाइनल में यंग झारखंड क्रिकेट क्लब का मुकाबला सेरसा चक्रधरपुर से 17 जनवरी को होगा। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए मैच में टॉस यंग झारखंड क्रिकेट क्लब के कप्तान ने जीता। पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। यंग झारखंड की पूरी टीम सभी बल्लेबाजों के मिले जुले प्रयास से 29.3 ओवर में 248 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस टीम की ओर से कमलेश्वर ने एक चौका एवं चार छक्के की सहायता से सर्वाधिक 40 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में अंकु ने 34, आदित्य अनव ने 30 रन, मो० इमरोज एवं सन्नी मिश्रा ने 23-23 रन, साहिल जयसवाल ने 22 रन तथा तेजनाथ लकड़ा ने 19 रनों का योगदान दिया। लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब की ओर से रमण प्रधान ने 36 रन देकर चार विकेट तथा तनुज प्रधान ने 54 रन देकर दो विकेट हासिल किए। अंजनी कुमार यादव, चिन्मय राय एवं अयांश श्रीवास्तव को एक-एक विकेट मिला। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 23.3 ओवर में मात्र 120 रन बनाकर आल आउट हो गई और 128 रनों के भारी अंतर से मैच गंवाकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *