शहर के शुक्रवारी व शनिचरी वार्ड से हिंदुओं के पलायन की शिकायत मिलने के बाद रविवार को राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने सागर पहुंचकर संबंधित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान कानूनगो ने लोगों से मुलाकात करते हुए उनकी शिकायतें और परेशानियां सुनीं। लोगों ने उन्हें बताया कि शुक्रवारी, शनिचरी के रहवासी क्षेत्र में बिना लाइसेंस के मांस की दुकानें, रेस्टोरेंट चल रहे हैं। युवतियों और महिलाओं पर छींटाकशी की जाती है। जानबूझकर हिंदू और जैन परिवार को टारगेट किया जा रहा है। शिकायतों को सुनने के बाद उन्होंने मौके पर उपस्थित प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। इस दौरान कानूनगो के साथ राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य ओंकार सिंह भी उपस्थित रहे। प्रियंक कानूनगो ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पलायन सांस्कृतिक सभ्यतागत समस्या है। पलायन ऐसे नहीं होता कि चाकू की नोंक पर किसी को घर से निकाला जाए। जब आपके रहने के लिए परिस्थिति ही न बचे तो क्या करेंगे। सोचिए कि कोई हिंदू या जैन मंदिर जाने के लिए घर से निकला है। उसकी धार्मिक आस्था है कि वह मांस का टुकड़ा छूने से अशुद्ध होता है। ऐसे में वह मंदिर नहीं जा पाएगा, जान बूझकर टारगेट करके उसके रास्ते में, उसके घर में मांस के टुकड़े फेंकना, कटे हुए जानवरों के अवशेष फेंकना यह अपराध की श्रेणी में आता है। यह जीवन जीने के अधिकार का उल्लंघन है। मानव अधिकार के गंभीर उल्लंघन की श्रेणी में आता है। अवैध मदरसों की जांच करें प्रियंक कानूनगो ने कहा कि यहां की मस्जिदों में बाहर से आने वाले व्यक्तियों की जांच करने के साथ अवैध मदरसों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। यहां पर चल रही अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश मौजूद पुलिस अधिकारियों को दिए हैं। वहीं राज्य बाल संरक्षण आयोग सदस्य ओंकार सिंह ने कहा कि अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए क्षेत्रवासी लिखित में शिकायत करें, पलायन किसी समस्या का हल नहीं है। मांस की अवैध दुकानें हटाने दिए निर्देश उन्होंने कहा कि भारत के संविधान में सभी नागरिक समान हैं, मानव अधिकारों के संरक्षण के लिए आयोग काम कर रहा है। हमें यहां पता चला कि सागर में जैन समुदाय की एक बड़ी आबादी है, जो अहिंसा परमो धर्म की धारणा में यकीन करते हैं। उनकी धार्मिक बाध्यताएं और परंपराएं हैं। उनके आवागमन के रास्ते पर मांस के टुकड़े, स्लाटर के बाद के अवशेष फेंके जाएं तो वह अपनी धार्मिक मान्यताओं का पालन नहीं कर पाते हैं। कानूनगो ने कहा कि मुस्लिम समुदाय के कतिपय लोगों द्वारा क्षेत्र में अवैध रूप से मटन की दुकानें खोलने का और पशुओं को हलाल करने का काम किया जा रहा है। इस दौरान भाजपा नेता शैलेष केशरवानी, अर्पित पांडेय, नीरज तिवारी, अभिषेक रजक, प्रशांत जैन, विकास सेन, मदन घोषी, कौशल यादव, शुभम शुक्ला, शिवम पांडेय सहित जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।


