छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में करीब 20 बाइक सवार युवकों ने सड़क पर खतरनाक स्टंट करते हुए चाकू लहराया। इतना ही नहीं इन युवकों ने सोशल मीडिया पर यहां के बाहुबली हम हैं, म्यूजिक के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। वीडियो वायरल होने के बाद सरगुजा SSP ने मामले में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले में 18 युवकों और नाबालिगों के परिजनों के खिलाफ FIR दर्ज की है। अब तक 10 युवकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के प्रतापपुर रोड पर कुछ बाइक सवार युवकों ने सड़क पर खतरनाक स्टंट करते हुए बाइक चलाई। कुछ युवक बाइक पर पीछे खड़े होकर हाथों में बड़े चाकू लहराते नजर आए। युवकों ने सड़क पर इस पूरे हुड़दंगी का वीडियो खुद बनाया और इसे सोशल मीडिया पर “ये मिर्जापुर नहीं है, यहां के बाहुबली हम हैं” जैसे डायलॉग और म्यूजिक के साथ पोस्ट कर दिया। पुलिस ने 18 के खिलाफ दर्ज की FIR
सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने सड़क पर चाकू लहराते युवकों के वायरल वीडियो पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जांच में पता चला कि यह वीडियो 15 अगस्त को शूट किया गया था। वीडियो में चाकू लहराते हुए दिखाई दे रहे युवक अतुल ताम्रकार और सुधांशु राय उर्फ चीनू पंडित है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत केस दर्ज किया है। दो युवक गिरफ्तार, चाकू और बाइक जब्त; 18 के खिलाफ FIR दर्ज पुलिस ने इस मामले में आरोपी अतुल ताम्रकार (21 वर्ष), निवासी केदारपुर और सुधांशु राय उर्फ चीनू पंडित (18 वर्ष), निवासी शिवधारी कॉलोनी अंबिकापुर को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, दोनों के पास से चाकू और बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे अन्य बाइक सवार युवकों की पहचान भी कर ली है। इस मामले में कुल 18 युवकों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोपियों पर धारा 281, 125(1) BNS और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 123, 184 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ये हुए गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने अक्षत अग्रवाल (25 वर्ष) निवासी महामाया रोड, समीर गुप्ता (18 वर्ष) निवासी सत्तीपारा, नेहिल कार राजवाड़े (19 वर्ष) निवासी प्रतापपुर नाका, निशांत नगेशिया (19 वर्ष) निवासी प्रतापपुर नाका, आकाश झारिया (19 वर्ष) निवासी मिशन चौक, रोशन असावर (19 वर्ष) निवासी प्रतापपुर नाका, जय किशन दास (21 वर्ष) सत्तीपारा, रोहित केडिया (22 वर्ष) निवासी मिशन चौक को गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ अलग से धारा 170 BNS जोड़ी गई है। पुलिस ने उनके पास से 5 बाइक जब्त की है। इस घटना में 8 नाबालिग भी शामिल थे, जिनके परिजनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही, सभी आरोपियों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। ……………………………………….. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें फेयरवेल-पार्टी में 12वीं के छात्रों का स्टंट…VIDEO:कार पर लटकी लड़कियां, लड़कों के हाथों में शराब, तेज रफ्तार में NH पर बनाई रील छत्तीसगढ़ के कवर्धा और अंबिकापुर में 12वीं के छात्रों ने तेज रफ्तार कार और ट्रैक्टर से खतरनाक स्टंटबाजी की है। स्टूडेंट्स ने स्कॉर्पियो और बाइक पर सवार होकर स्कूल में एंट्री की। फेयरवेल पार्टी के बाद स्कूल के मैदान में भी स्टंटबाजी की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर…


