भास्कर न्यूज | लुधियाना लुधियाना| यातायात विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान समराला चौक पर यातायात नियमों का पालन करने वालों को गुलाब के फूल देकर प्रोत्साहित किया गया। वहीं, 150 दोपहिया चालकों को हेलमेट वितरित किए गए। हेलमेट मोहाली स्थित एनजीओ रूट्स की ओर से उपलब्ध कराए गए थे। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के सचिव कुलदीप बावा और एसीपी ट्रैफिक गुरप्रीत सिंह ने वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों के महत्व पर जानकारी दी। अभियान में विशेष रूप से स्कूल बस चालकों को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई। उन्हें बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बसों की गति सीमा पर ध्यान देने और निर्धारित मानकों के तहत संचालन करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वाहनों, खासतौर पर भारी वाहनों और दोपहिया वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए। यह कदम रात में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उठाया गया। आरटीए सचिव और एसीपी ट्रैफिक ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होना दुर्घटनाओं को रोकने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने ऑटो-रिक्शा, दोपहिया, चार पहिया और भारी वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़कों पर जिम्मेदारी से गाड़ी चलाएं। यातायात पुलिस द्वारा इस बात पर जोर दिया कि यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं का खतरा काफी कम हो सकता है और जान बच सकती है। ड्राइवरों को यातायात नियमों का पालन करने, साइनबोर्ड का पालन करने, गति सीमा का सम्मान करने, शराब या नशीली दवाओं के प्रभाव में गाड़ी चलाने से बचने और अपने वाहनों के नियमित रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।


