रायपुर से गुजरने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है। लंबी दूरी की ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति दो माह से अधिक है तो वहीं दुर्ग से अंबिकापुर जाने वाली ट्रेन के स्लीपर कोच में 20 मई तक तो एसी थ्री टायर में 26 मई तक वेटिंग चल रही है। ठीक यही स्थिति अंबिकापुर-शहडोल की भी है। यही कारण है कि रेलवे यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे दुर्ग-अंबिकापुर और अंबिकापुर शहडोल एक्सप्रेस में एक-एक एसी-3 इकॉनमी कोच लगा रहा है। इससे करीब 300 से अधिक यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलेगी। रेलवे दुर्ग-अम्बिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त एसी-3 इकॉनमी कोच की सुविधा दुर्ग से 20 तथा अम्बिकापुर से 21 मई से और अम्बिकापुर-शहडोल-अम्बिकापुर एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त एसी-3 इकॉनमी कोच की सुविधा अम्बिकापुर से 21 मई तथा शहडोल से 21 मई से स्थायी रूप से उपलब्ध रहेगी। इससे यात्रियों को काफी यात्रा के दौरान राहत मिलेगी।” आजाद हिंद 16 घंटे लेट : इधर, ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस 16.10 घंटे की देरी से रात 3.15 को आई। शालीमार मुंबई समरसता एक्सप्रेस 6.42 घंटे की देरी से 5.32 बजे आएगी। चरलापल्ली पटना स्पेशल 4.54 घंटे लेट 5.27 बजे आई। हावड़ा पुणे एसी दुरंतो एक्सप्रेस 3.27 घंटे की देरी से 8.02 घंटे की देरी से आएगी। आरा- दुर्ग साउथ विहार एक्सप्रेस 1.50 घंटे की देरी से रात 9.18 बजे आएगी।


