भास्कर न्यूज| कोडरमा कलश स्थापना के साथ ही शक्ति की उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्र सोमवार से शुरु हो गया है। गांव से लेकर शहर तक का हर गली मोहल्ला या देवी सर्वभूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता… सहित मां दुर्गा के मंत्रों से गुंजायमान हो उठा है। शहर के गायत्री मंदिर , देवी मंडप रोड स्थित देवी मंदिर ,गूमो सहित विभिन्न पूजा पंडालों में मंडप प्रवेश व वेदी पूजन किया गया। नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरुप शैलपुत्री की पूजा की गई। कलश स्थापना के साथ ही मां भगवती के प्रथम स्वरूप शांति और उत्साह देकर भय का नाश करने वाली मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। पर्वतराज हिमालय की पुत्री माता शैलपुत्री का जन्म शैल-पत्थर से हुआ था, इसलिए मान्यता है कि नवरात्रि के दिन मां शैलपुत्री की पूजा करने से जीवन में स्थिरता आती है। घंट, शंख ध्वनि व ढाक की मधुर ध्वनि व मंत्रोच्चारण से वातावरण भक्तिमय रहा। शहर के प्रसिद्ध देवी मण्डप में मां दुर्गा की पूजा अर्चना के साथ ही कलश स्थापित की गई है। इस दौरान लोगों ने भक्ति भाव से मां की आराधना कर सुख शांति की कामना की। इस बार देवी दुर्गा गज पर सवार होकर आईं हैं, जो भक्तों के लिए काफी शुभ फल देने वाला है। यहां की ऐसी मान्यता है की जो भगवती की यहां सच्चे मन से आराधना करते हैं उनकी हर मनोकामनाएं भगवती पूर्ण करती हैं। माता दुर्गा की आराधना युक्त भक्ति संगीत से श्रद्धालु पुलकित हो रहे हैं। पूजा पंडालों के अलावा श्रद्धालु अपने-अपने घरों में भी कलश स्थापित कर माता दुर्गा की पूजा कर रहे हैं। संध्या में विभिन्न पूजा पंडालों में आरती की गई। कलश स्थापना के साथ ही चारों ओर भक्ति की बयार बहने लगी है। नवरात्र के दूसरे दिन देवी ब्रह्मचारिणी की पूजा होगी : नवरात्र के दूसरे दिन देवी ब्रह्मचारिणी, तीसरा दिन चंद्रघंटा, चौथा दिन मां दुर्गा के चौथे स्वरुप देवी कुष्मांडा, पांचवा दिन स्कंदमाता, छठा दिन मां कात्यायनी स्वरूप, सातवां दिन मां कालरात्रि, आठवां दिन मां महागौरी व नौवां दिन मां सिद्धदात्री के स्वरूपा की पूजा अर्चना की जाएगी। इसके अलावा सतगावां प्रखंड के समलडीह व नंदूडीह जयनगर के डंडाडीह, गोहाल, हीरोडीह, केटीपीएस डूमरडीहा, सरमाटांड़, परसाबाद, तेतरोन सहित कई दुर्गा मंदिरों में कलश स्थापित कर पूजा अर्चना की गई, मरकच्चो के बंधन चौक, जामू, नावाडीह , देवीपुर , डोमचांच के कालीमंडा, मसनोडीह, बेहराडीह, टैक्सी स्टैंड व चंदवारा के चंदवारा, ढाबथाम, भोंडों व तिलैया डैम में भी दुर्गा पूजा कलश स्थापना के साथ से शुरू हो गई है। इसके साथ ही प्रखंड के विभिन्न दुर्गा मंडपों व लोगों के निवास स्थलों पर विधि विधान के साथ नवरात्र पूजा पाठ का दौर शुरू हो गया। दुर्गा मंडपों में हो रहे दुर्गा सप्तशती पाठ से माहौल भक्तिमय हो गया है। वहीं क्षेत्र के कई लोगों द्वारा घर में कलश स्थापित कर दुर्गा पूजा पाठ में जुट गए हैं। को कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र शुरू हो गया।


