युवक की मौत पर गाडरवारा में प्रदर्शन:परिजनों ने पटवारी की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की

नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में एक सड़क हादसे में युवक रोहित भदरैले की मौत के बाद शुक्रवार को तनाव बढ़ गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी पटवारी सूर्यकांत कौरव की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बुधवार रात गाडरवारा में हुई इस घटना में क्रेटा कार की टक्कर से रोहित भदरैले गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद शुक्रवार को हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि आरोपी पटवारी सूर्यकांत कौरव को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की भी मांग की। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और स्टेट-हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद प्रदर्शन शांत कराया गया और आवागमन बहाल हो सका। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हादसा गाडरवारा थाने के ठीक सामने हुआ था, फिर भी आरोपी पर तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना था कि आरोपी के पटवारी होने के कारण मामले में नरमी बरती जा रही है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *