युवक को गोली मारने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने दो अवैध देशी कट्टे और एक कारतूस बरामद कर जब्त किया

धौलपुर के सहानपुर थाना क्षेत्र में 25 नवंबर 2025 को युवक हरिओम पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध देशी कट्टे और एक खाली कारतूस भी बरामद किया है। फायरिंग की इस घटना में युवक घायल हुआ था और उसके दांत टूट गए थे। शिकायतकर्ता सतीश पुत्र ओमप्रकाश ने बताया कि घटना के दिन शाम करीब 4:25 बजे हरिओम अपने खेत में पानी दे रहा था, तभी सोनेराम, रामकिशन उर्फ संतोली, रविन्द्र उर्फ रवि और दिलीप पुत्रगण दौलतराम, निवासी सहानपुर, हथियार और लाठियां लेकर वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले हरिओम से गाली-गलौज की और पानी के पाइप फेंकने लगे। जब हरिओम ने विरोध किया, तो जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई। सोनेराम द्वारा चलाई गई गोली हरिओम के मुंह को छूती हुई गुजरी, जिससे उसके दांत टूट गए। गोली की आवाज सुनकर पास में काम कर रहे विजयसिंह और रामसेवक मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी वहां से फरार हो गए। घायल हरिओम ने मोबाइल से कंट्रोल रूम को कॉल कर सूचना दी, जिसके बाद सतीश और ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में पुलिस टीम मिली, जिसने तुरंत उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और रामकिशन उर्फ संतोली (22), सोनेराम उर्फ सोनू (32) और रविन्द्र सिंह उर्फ रवि (20) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी सहानपुर, धौलपुर निवासी हैं। तलाशी के दौरान दो 315 बोर के देशी कट्टे और एक खाली 315 बोर का कारतूस कब्जे में लिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी दिलीप की तलाश जारी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *