झारखंड के गोड्डा जिले में एक पिता की डांट का बदला उसके बेटे ने उनकी जान लेकर लिया। सुंदर पहाड़ी थाना क्षेत्र के सवैयकुंडी में 17 फरवरी की रात को यह घटना हुई। 21 वर्षीय चमरा पहाड़ियां रोज की तरह उस दिन भी शराब पीकर घर आया था। पिता गुलिया पहाड़ियां ने उसे इस बात पर डांटा। इससे नाराज होकर चमरा ने घर में रखे मसाला पीसने वाले पत्थर से पिता पर हमला कर दिया। इस हमले में गुलिया पहाड़ियां की मौत हो गई। सूचना मिलते ही सुंदरपहाड़ी थाना प्रभारी आशीष कुमार यादव पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक रविदास ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।


