गुना जिले के म्याना इलाके में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह अपनी बुआ सास के घर पत्नी के साथ रह रहा था। रविवार दोपहर उसने पत्नी को नहाने भेजा और खुद झोपड़ी में फांसी के फंदे पर झूल गया। सोमवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम हुआ। सुसाइड का कारण अभी साफ नहीं है। जानकारी के अनुसार, अजरोड़ा निवासी अर्जुन सहरिया (24) मजदूरी करता था। 5 महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। वह पिछले एक महीने से अपनी पत्नी के साथ मानपुर में बुआ सास के घर रह रहा था। रविवार दोपहर करीब 2 बजे उसने पत्नी को नहाने के लिए भेज दिया। इसके बाद उसने झोपड़ी की छत में लगी लकड़ी पर फंदा बनाकर फांसी लगा ली। पत्नी नहाकर लौटी, तो पति को लटका देख शोर मचाया। पिता बोले- कोई परेशानी नहीं थी घटना के बाद परिजन और पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता रामदयाल ने बताया कि उनके बेटे को कोई परेशानी नहीं थी। वह हंसी-खुशी रह रहा था। आखा तीज पर ही उसकी शादी हुई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


