बारां शहर के अंबेडकर सर्किल पर एक युवक पर हुए हमले के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए हैं। इस मामले में शामिल अन्य हमलावरों की तलाश जारी है। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि 23 नवंबर 2025 को शिवाजी नगर, बारां निवासी फरियादी कमल गहलोत ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अपना बयान दर्ज कराया था। कमल ने बताया कि 22 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे वह अंबेडकर सर्किल स्थित हनुमान मंदिर के पास एक पान की दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार पांच युवक लोहे के सरिये, स्टिक और धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचे। उन्होंने एकराय होकर कमल पर हमला कर दिया। जब कमल जान बचाकर भागने लगा, तो हमलावरों ने उसे पकड़ लिया और धारदार हथियार, स्टिक व लोहे के सरियों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हमलावर अपने चेहरे पर रुमाल बांधे हुए थे और मारपीट के बाद अपनी बाइकों से फरार हो गए। घायल अवस्था में कमल ने अपने बड़े भाई को सूचना दी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, एएसपी राजेश चौधरी के सुपरविजन और डीएसपी हरिराम सोनी के निर्देशन में कोतवाली सीआई योगेश चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने मारपीट के आरोप में शाहाबाद दरवाजा निवासी भारत उर्फ बिट्टू प्रजापति (22) और शिवाजी कॉलोनी निवासी कुलदीप (19) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान, आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी और हॉकी स्टिक बरामद की गई। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।


