लुधियाना| नीची मांगली इलाके में सोमवार सुबह मोबाइल स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल फोन छीन लिया और विरोध करने पर उस पर तेजधार चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पीड़ित की पहचान 20 वर्षीय रोहित के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अयोध्या के कुमारगंज का रहने वाला है और फिलहाल नीची मांगली में किराए पर रह रहा है। वह हाईटेक सनमाइका नाम की कंपनी में काम करता है। रोहित के अनुसार सोमवार सुबह करीब 8 बजे वह होटल में खाना खाने के लिए निकला था। घर से करीब 500 मीटर दूर दो नकाबपोश युवकों ने उससे मोबाइल छीनने की कोशिश की। रोहित फोन पर बात कर रहा था और उसके पास टेक्नो कंपनी का मोबाइल था। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया और मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


