भास्कर न्यूज | अमृतसर विभिन्न थानों की पुलिस ने 2 मामलों में युवक से स्कूटी की लूट और युवती से मोबाइल की स्नैचिंग करने के आरोप में पांच आरोपियों को काबू किया है। थाना रणजीत एवेन्यू की पुलिस ने युवक को घेरते हुए उसे डरा-धमकाकर स्कूटी की लूट करने वाले तीन आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान पैरिस एवेन्यू के रहने वाले लवप्रीत सिंह, रोहित निवासी खंडवाला और प्रथमप्रीत निवासी मिलाप एवेन्यू के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में दीपकर वर्ता निवासी कश्मीर एवेन्यू ने बताया कि 14 दिसंबर को अपने बेटे के साथ रणजीत एवेन्यू आया था। जहां तीन युवकों ने उसका रास्ता घेरकर डराते हुए एक होटल के पास ले गए और उसकी स्कूटी छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि इस मामले में सीसीटीवी की मदद से तीनों आरोपियों को काबू कर लिया है। इसी तरह थाना मोहकमपुरा पुलिस को दी शिकायत में युवती खुशबू निवासी मोहकमपुरा ने बताया कि 12 दिसंबर बाद दोपहर 3 बजे भारत नगर नजदीक अपने मोबाइल पर बात कर रही थी, कि बाइक सवार दो स्नैचर आए और उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि जांच कर दोनों स्नैचरों जगदीश सिंह और विशाल निवासी होलदार कॉलोनी को काबू किया गया। संबंधित थानों की पुलिस ने दोनों मामलों में पकड़े गए 5 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


