मनेंद्रगढ़/बैकुंठपुर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भ रतपुर जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए स्वरोजगार योजना के तहत 73 इकाइयों को बैंक ऋण से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। इनमें 50 इकाइयां अनुसूचित जाति वर्ग और 23 इकाइयां अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए तय की गई हैं। समिति ने बताया कि पात्र हितग्राहियों से ऋण के लिए आवेदन मंगाए गए हैं। यह योजना भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार चलाई जा रही है। इसमें पात्रता के लिए आवेदक की वार्षिक आय अधिकतम 1 लाख 50 हजार होनी चाहिए। योजना में स्वयं सहायता समूह, लघु और कुटीर उद्योग, कपड़ा, सिलाई-कढ़ाई, दुकान संचालन, पशुपालन, टेंट हाउस, कम्प्यूटर सेंटर, मोबाइल रिपेयरिंग और रेस्टोरेंट संचालन जैसे कार्य शामिल हैं। प्रशासन ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 33% आरक्षण महिलाओं को देने की बात कही है। साथ ही 10% लक्ष्य लघु और कुटीर उद्योगों को तथा 10% लक्ष्य विशेष पिछड़ी जनजातियों को प्राथमिकता के आधार पर दिया जाएगा। बता दें कि प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र के युवाओं को स्वरोजगार से जुड़ने का मौका मिलेगा।


