डिंडोरी में गांधी जयंती के अवसर पर ‘नाथू राम गोडसे अमर रहे’ के नारे लगाने का मामला सामने आया है। शनिवार देर शाम कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम ने अपने समर्थकों के साथ करंजिया थाने पहुंचकर इन युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने राज्यपाल के नाम थाना प्रभारी को ज्ञापन दिया। करंजिया ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अयोध्या बिसेन ने बताया कि घटना 2 अक्टूबर की शाम की है। जहां पूरा देश महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मना रहा था, उसी दौरान समर्थ नामदेव, प्रकाश यादव और निखिल साहू अन्य युवकों के साथ बाइक पर निकले। उन्होंने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथू राम गोडसे के समर्थन में नारे लगाए। युवकों के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, यह कृत्य राष्ट्रपिता के प्रति गहरी असंवेदनशीलता और असामाजिक सोच को दर्शाता है, जिससे महात्मा गांधी को मानने वाले देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं। कांग्रेस ने इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद युवकों के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे। ज्ञापन सौंपते समय लोकेश मार्को सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने यह भी बताया कि करंजिया के स्थानीय भाजपा नेता सियाराम साहू का बेटा निखिल साहू अपने साथियों के साथ बाइक पर घूम-घूमकर ये नारे लगा रहा था और इसे सोशल मीडिया पर भी साझा किया था।


