महासमुंद| महासमुंद शहर ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की एक नई इबारत लिखी है। रविवार को शहर के ऐतिहासिक जलाशयों को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से एक वृहद स्वच्छता महाअभियान चलाया गया। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन महासमुंद और विगत 10 साल से पर्यावरण के क्षेत्र में सक्रिय संस्था हमर भुइयां के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस श्रमदान ने जन-भागीदारी की एक अनुपम मिसाल पेश की। रविवार सुबह 7 से 9 बजे तक चले इस अभियान में नगर के बंधवा तालाब, टांमकी तालाब और नवा तालाब में सघन सफाई की गई। स्वच्छता मित्रों ने जल के भीतर उतरकर बड़ी मात्रा में जलकुंभी, प्लास्टिक की बोतलें, डिस्पोजल और अन्य विषाक्त अपशिष्टों को बाहर निकाला। आयोजक चिकित्सीय संस्था ने के सदस्यों ने बताया कि प्लास्टिक से निकलने वाले रसायन तालाब के जल को जहरीला बना रहे थे, जिसे हटाकर सरोवर के इकोसिस्टम को बचाने का प्रयास किया गया। सूखे पत्तों का मौके पर ही निपटान किया गया, जबकि टनों कचरे और जलकुंभी को नगरपालिका के सहयोग से उचित स्थान पर परिवहन कराया गया। इस पुनीत कार्य में समाज के हर वर्ग की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसमें चिकित्सक दल से आइएमए की ओर से डॉ. एचबी कालीकोटी, डॉ. ज्योति कालीकोटी, डॉ. हरजोत सिंह गुरुदत्ता और उनके स्टाफ ने कमान संभाली।


