भोपाल के सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर(स्वशासी) महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर युवा दिवस का आयोजन किया गया। 12 जनवरी(रविवार) को सुबह 9:00 से 10:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में 400 से अधिक छात्राओं के साथ महाविद्यालय के प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक और कर्मचारियों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और ध्यान किया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. नीना श्रीवास्तव द्वारा राष्ट्रगीत से की गई। पूर्व प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कौर बत्रा, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अशोक नेमा और डॉ. मनीषा शर्मा ने विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। विशेष अतिथि के रूप में जनभागीदारी अध्यक्ष डॉ. भारती कुंभारे और विवेकानंद केंद्र के अमृत परिवार प्रमुख अमिताभ श्रीवास्तव उपस्थित रहे। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. दीप्ति श्रीवास्तव ने अध्यक्षीय उद्बोधन में विवेकानंद जी के ‘उठो जागो और तब तक नहीं रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो’ के संदेश को छात्राओं के सामने रखा। कार्यक्रम में विवेकानंद जी के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई गई और उनके ऐतिहासिक शिकागो व्याख्यान का वीडियो प्रदर्शन भी किया गया। क्रीड़ाधिकारी डॉ. रश्मि केला के संचालन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और मध्य प्रदेश गान के साथ किया गया। इस आयोजन के माध्यम से छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया।


