रीवा के बैकुंठपुर बाजार में खुलेआम नशीली कफ सिरप सहित नशीली टैबलेट की बिक्री का वीडियो वायरल हो रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी ने जिलेभर में इस तरह से नशीले पदार्थों की बिक्री का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार यह वीडियो 5 दिन पुराना है, जिसकी जांच की जा रही है। आरोप- जिला मुख्यालय से गांव तक बिक रहा नशा सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी ने आरोप लगाया कि जिले में पिछले 15 सालों में नशा इतना पनप गया है, कि उस पर लगाम लगाना अब बहुत मुश्किल हो गया है। देश की युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आती दिखाई दे रही हैं। वहीं इसके व्यापारी अच्छी-खासी रकम कमा रहे है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण स्तर तक हर गली चौराहे में नशीले पदार्थ उपलब्ध हैं। जिससे युवा पीढ़ी को नशे का आदी बन रही है। शासन-प्रशासन काे समय रहते नशा तस्कर, शराब पैकारी पर नकेल कसने की जरूरत है। एक माह में पांच पर केस दर्ज नशे की तस्करी का यह वीडियो 5 दिन पुराना है, जो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस के अनुसार जिले में अवैध नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है एक माह के भीतर जिलेभर में ऐसे 15 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है, पांच लोगों पर मामला भी दर्ज किया गया है। मामले में एडिशनल एसपी विवेक लाल ने बताया- नशे की बिक्री से संबंधित एक वीडियो संज्ञान में आया है। थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नशे को लेकर रीवा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।


