कवर्धा| खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवा रत्न सम्मान योजना, संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने सामाजिक, सांस्कृतिक, साहसिक, शैक्षणिक, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां अर्जित की हों। साथ ही समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय स्वैच्छिक संगठनों को भी राज्य स्तर पर सम्मान प्रदान किया जाएगा। जिला स्तरीय निर्णायक मंडल पात्र अभ्यर्थियों एवं संस्थाओं के कार्यों का परीक्षण कर अनुशंसा तैयार करेगा। इसके बाद जिला प्रशासन द्वारा इन कार्यों का सत्यापन कर निर्धारित समय सीमा में अनुशंसित प्रस्ताव संचालक, खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय को भेजा जाएगा। प्रभारी खेल अधिकारी ने युवाओं से अपील की है कि योजना के निर्धारित मापदंडों के अनुसार अपना आवेदन जमा कर सम्मान का लाभ प्राप्त करें।


