धार में सोमवार को अखिल भारतीय जाट महासभा के नवनियुक्त पदाधिकारियों की बैठक जाट सभा में हुई। बैठक जिला अध्यक्ष देवकरण जाट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत तेजाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण से हुई, इसके बाद अतिथियों और पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने समाज के विकास पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि जाट समाज के अधिकतर लोग खेती से जुड़े हैं और कई युवा देश की सेवा के लिए सेना में भी कार्यरत हैं। जिला अध्यक्ष ने युवाओं को बिजनेस शुरू करने पर जोर दिया जिला अध्यक्ष देवकरण जाट ने इस अवसर पर कहा कि आने वाले समय में समाज के युवाओं को शिक्षा के साथ खुद का काम शुरू करने और बिजनेस की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक मजबूती को समाज के विकास की मुख्य कड़ी बताया। उन्होंने यह भी कहा कि समाज को संगठित करने के लिए तहसील स्तर से लेकर गांव तक कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। देवकरण जाट ने आगे बताया कि समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से ‘चलो अपनों के द्वार’ अभियान चलाया जाएगा। इसका लक्ष्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति से सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने जोर दिया कि समाज का हर व्यक्ति उनका परिवार है और किसी भी वंचित व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना संगठन की प्राथमिकता रहेगी। इस बैठक में सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जाट समाज के लोग उपस्थित रहे।


