भास्कर न्यूज| महासमुंद स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में भविष्य के जन-प्रतिनिधियों को तैयार करने और विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के संचार के लिए जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को शासकीय आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया। इस स्पर्धा में पीएमश्री सेजस विद्यालय बागबाहरा ने अपने उत्कृष्ट विधायी कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मेजबान शासकीय आशी बाई गोलछा विद्यालय, महासमुंद द्वितीय स्थान पर रहा। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने संसद की कार्यवाही को जीवंत कर दिया। पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस, लोक महत्व के मुद्दों पर प्रश्नकाल और विधायी प्रक्रियाओं के सटीक पालन ने निर्णायक मंडल का दिल जीत लिया। प्रतियोगिता में बागबाहरा से 50 और महासमुंद से 35 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि येतराम साहू (जिला अध्यक्ष, भाजपा व भारत स्काउट-गाइड) ने कहा कि युवा संसद केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन और संवाद की पाठशाला है। इससे युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित होती है। विशिष्ट अतिथि श्री संदीप दीवान ने विश्वास दिलाया कि शाला विकास समिति विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई दिशा देने वाले ऐसे कार्यक्रमों को सदैव प्रोत्साहित करेगी। निर्णायक मंडल, जिसमें नेहा चंद्राकर, गायत्री साहू और विद्या साहू शामिल थीं, ने गहन मूल्यांकन के बाद व्यक्तिगत श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों की घोषणा की। इस मौके पर नोडल अधिकारी व प्राचार्य जीआर सिन्हा, आनंद साहू, आनंद गिरि गोस्वामी, एडीपीओ प्रमोद कुमार कन्नौज, चंद्रशेखर मिथलेश, कीर्तन साहू, तुलसी साहू, ज्योति किरण चंद्राकर सहित अन्य मौजूद थे। स्पर्धा के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किया इस स्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ स्पीकर का पुरस्कार निखिल साहू (बागबाहरा), सर्वश्रेष्ठ मंत्री खुशबू मानिकपुरी (महासमुंद), सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता निहारिका मोहती (बागबाहरा), सर्वश्रेष्ठ वक्ता पक्ष प्रियदर्शन चिंडा (बागबाहरा), सर्वश्रेष्ठ वक्ता विपक्ष विभा साहू (बागबाहरा) को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।


