भास्कर न्यूज| लुधियाना जयपुर की ट्रेवल एजेंसी ने सीएमसी अस्पताल के 7 स्टाफ कर्मियों को यूके भेजने की बात कह 28 लाख की धोखाधड़ी कर दी। इस फ्रॉड का खुलासा उस समय हुआ, जब ट्रेवल एजेंसी की तरफ से दिए ऑफर लेटर पर वीजे के लिए अप्लाई किया तो सभी की वीजा एप्लीकेशन रद्द हो गई। इस पर पीड़ितों को पता चला कि उन्हें जो लेटर दिए थे वे नकली थे। 10 महीने की जांच के बाद थाना डिवीजन-3 में आरोपी ट्रेवल एजेंट मयंक मेटी वासी वेस्ट बंगाल, सुखवीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, दिव्या गोयल वासी जयपुर पर धोखाधड़ी की धाराओं के तहत पर्चा दर्ज हुआ है। मामले में शिकायतकर्ता बेनसन अशोक कुमार वासी ईशा नगर ने बताया कि वह सीएमसी अस्पताल में कर्मचारी है। उन्होंने 2023 में सोशल मीडिया पर एके खान इंटरनेशनल इमीग्रेशन इश्तिहार देखा तो आरोपियों से यूके जाने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने कम कीमत पर विदेश भेजने की बात तय हो गई। पीड़ित अशोक ने जब अपने सीएमसी अस्पताल के कर्मचारी नीलम, नेहा, सूजन, अमनदीप कौर संधू, नवजोत सिंह, नीतू भट्टी को इसके बारे में बताया तो उन सभी लोगों ने विदेश जाने की बात मान ली। इसके बाद सभी कर्मचारियों की तरफ से 4-4 लाख लेकर कुल 28 लाख रुपये दिए गए। जब उन्हें ऑफर लेटर दिया गया तो धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।


