लुधियाना| नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2024 परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षा 3 जनवरी से 16 जनवरी 2025 तक आयोजित की जाएगी। यूजीसी नेट परीक्षा का आयोजन दो पालियों में होगा। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। उम्मीदवार एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट nta.ac.in और ugcnet.nta.ac.in पर परीक्षा का पूरा शेड्यूल चेक कर सकते हैं। यूजीसी नेट परीक्षा देशभर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी और इसका उद्देश्य जूनियर रिसर्च फेलोशिप, असिस्टेंट प्रोफेसर पात्रता और पीएचडी में प्रवेश के लिए उम्मीदवारों का चयन करना है। एनटीए ने परीक्षा के लिए सिटी स्लिप की जानकारी भी जारी की है, जो परीक्षा के शुरू होने से 8 दिन पहले वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। उदाहरण के तौर पर, यदि परीक्षा 3 जनवरी को है, तो सिटी स्लिप 27 दिसंबर को जारी होगी। इसके बाद, यूजीसी नेट एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे सभी अपडेट्स के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें।


