वोट चोरी के मुद्दे पर यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब गुरुवार को बीकानेर आए। चिब यहां रविंद्र रंगमंच पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं और इसके बाद कलेक्टरी परिसर में विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनके साथ यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भी रविंद्र रंगमंच से कलेक्टरी तक जाएंगे। इससे पहले चिब के बीकानेर पहुंचने पर एयरपोर्ट से रविंद्र रंगमंच तक जगह-जगह उनका स्वागत हुआ। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में चिब ने कहा कि वर्तमान सरकार वोट चोरी करके सत्ता में आई है। राहुल गांधी ने इसे एक्सपोज किया है। वोट चोरी के मुद्दे पर सरकार पूरी तरह घिर चुकी है। यहां तक कि इलेक्शन कमिश्नर भी बेक डोर एंट्री से आए हैं। राजस्थान में नशाखोरी और बेरोजगारी पर सरकार के खिलाफ यूथ कांग्रेस आंदोलन कर रहा है। जेसीबी से की गई पुष्प वर्षा बीकानेर में अंत्योदय नगर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिब पर पुष्प वर्षा की गई। इस दौरान नेशनल हाईवे पर 2 जेसीबी मशीन लगाकर स्वागत किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चिब और जिलाध्यक्ष भंवर कूकणा को कंधों पर बिठा लिया। काफी दूर तक वोट चोर-गद्दी छोड़ के नारे लगाते हुए रविंद्र रंगमंच तक ले गए। ये भी रहे साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष चिब के साथ ही विधायक विधायक अभिमन्यु पूनिया, जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग, कांग्रेस नेता अरुण व्यास, प्रदेश महासचिव सुरेश तेतरवाल, पूर्व जिला प्रमुख सुशीला सिवर और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भंवर कूकना शामिल रहे। थोड़ी देर में करेंगे प्रदर्शन “वोट चोर गद्दी छोड़” के मुद्दे पर पिछले दिनों बीकानेर के कलेक्टरी परिसर में कांग्रेस नेताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन करेंगे। इसे देखते हुए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस दौरान वो दो कार्यकर्ता भी शामिल होंगे, जिनके पिछले दिनों प्रदर्शन में चोट लगी थी।


