जोधपुर शहर के उम्मेद चौक गोलनाडी मैदान में रविवार को बजरंग क्लब खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज क्रिकेट मैच के साथ हुआ। महाशिवरात्री तक आयोजित होने वाली इस क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी जितेंद्र सिंह, अध्यक्षता राजेंद्र सिंह व विशिष्ट अतिथि विक्रम सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में हुआ। समाजसेवी जितेंद्र सिंह ने शुभारंभ मैच में कप्तान नरेश सिंह व बलवंत सिंह की टीम के खिलाडियों को खेल को खेल की भावना से खेलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेलकूद में हमारे क्षेत्र की विशेष पहचान है। यहां के मैदान से फुटबाल, बॉक्सिंग, क्रिकेट सहित अन्य गेम खेलते हुए युवा आज शहर ही नहीं प्रदेश व देश में परचम लहरा रहे है। राजेंद्र सिंह ने प्रतियोगिता कराने के लिए आयोजकों को बधाई दी। विक्रम सिंह चौहान ने कहा कि खेल का अपना महत्व है, बचपन से ही बच्चा मैदान में उतरता है तो मोबाइल सहित अन्य गतिविधियों से दूर रहकर केवल शारीरिक गतिविधि पर ध्यान देता है। हमें बच्चों को खेलकूद की ओर अग्रसर करने के लिए निरंतर प्रेरित करने की जरूरत है। इससे पूर्व संयोजक शैलेंद्र सिंह व अध्यक्ष राजेश सिंह पंवार ने अतिथियों का साफा व माला पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर रणजीत सिंह, किरण कुमार, गजेसिंह डोडिया, देवेंद्र सिंह पंवार, गजराज सिंह, जितेंद्र शर्मा, विक्रम सांखला, संदीप टाक, सुनील सिंह, भवानी सिंह भाटी, अन्नू भदोरिया, रतन सिंह, चंदन सिंह राठौड़, प्रशांत सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद थे।


