भास्कर न्यूज|गुमला जिले में आधार कार्ड बनवाने और सुधार के नाम पर हो रही अवैध वसूली के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। मेन रोड के यूनियन बैंक में संचालित आधार सेवा केंद्र पर गाज गिरी है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने तत्काल प्रभाव से इस केंद्र का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। अब इस बैंक परिसर में आधार से संबंधित कोई भी कार्य नहीं किया जा सकेगा। यूआईडीएआई के डीपीओ सैफुल्ला ने बताया कि पूजा केशरी नामक एक महिला ने केंद्र के संचालक के खिलाफ अवैध तरीके से पैसे वसूलने की लिखित शिकायत डीसी के पास दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि निर्धारित शुल्क से कहीं अधिक राशि की मांग की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए। साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि केंद्र द्वारा नियमों का उल्लंघन कर आम लोगों से अवैध उगाही की जा रही थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए उक्त केंद्र का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। डीपीओ ने स्पष्ट किया है कि जिले में संचालित किसी भी आधार केंद्र पर यदि निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे लेने या किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलती है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।


