भास्कर न्यूज | अंबिकापुर संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी की कार रविवार शाम लटोरी के बलसेढ़ी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में ड्राइवर के दोस्त की जान चली गई है, जबकि ड्राइवर स्वयं गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर नशे की हालत में था और बिना अनुमति के यूनिवर्सिटी की गाड़ी लेकर निकला था। यूनिवर्सिटी का ड्राइवर रविंद्र कुमार शनिवार को पेपर लेकर सनावल गया था। वहां से लौटने के बाद उसे गाड़ी पुराने कैंपस में खड़ी करनी थी, लेकिन वह गाड़ी लेकर अपने घर सुभाषनगर चला गया। रविवार को वह अपने दोस्त रमेश कुमार विश्वकर्मा को साथ लेकर बिना किसी को बताए बलसेढ़ी की ओर निकल गया। शाम को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मिशन अस्पताल में इलाज के दौरान रमेश कुमार की मौत हो गई, जबकि ड्राइवर रविंद्र का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस मामले को ड्राइवर की गंभीर लापरवाही माना है। ड्राइवर ने न केवल नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि ड्यूटी के बाद गाड़ी का निजी उपयोग भी किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पत्नी ने किया था मना, पर नहीं माना पति मृतक रमेश की पत्नी नीलम विश्वकर्मा ने बताया कि रविंद्र गैस भराने का बहाना बनाकर रमेश को साथ ले गया था। नीलम ने अपने पति को जाने से मना भी किया था, लेकिन वे नहीं माने। दोपहर ढाई बजे जब नीलम ने फोन कर वापस आने को कहा, तो उन्होंने जल्द लौटने की बात कही। कुछ देर बाद दोबारा फोन करने पर किसी अनजान व्यक्ति ने फोन उठाया और एक्सीडेंट की सूचना दी। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की जाएगी ^कार यूनिवर्सिटी के काम के लिए है। ड्राइवर को गाड़ी कैंपस में खड़ी करने के निर्देश थे, लेकिन वह बिना बताए उसे घर ले गया। यह प्रथम दृष्टया बड़ी लापरवाही है। एक जांच कमेटी गठित की जाएगी और नियमों के तहत ड्राइवर पर सख्त कार्रवाई होगी। डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी, कुलसचिव, संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी


