यूपी की धनवर्षा गैंग से 350 लड़कियों के वीडियो मिले:कौन हैं, पता नहीं; पोर्न साइट को बेचने का भी शक

यूपी के संभल में धनवर्षा गैंग ने 350 से ज्यादा लड़कियों को अपने जाल में फंसाया है। ये गैंग पुलिस के सामने अब भी अड़ी है कि तंत्र-मंत्र करने पर आसमान से नोटों की बारिश होती है। बशर्ते तंत्र-मंत्र के सारे नियम पूरे होने चाहिए। मसलन, लड़की की लंबाई साढ़े पांच फीट से कम न हो। उसने किसी से यौन संबंध नहीं बनाए हों। कभी किसी कुत्ते या बिच्छू ने नहीं काटा हो। इस तरह के कुल 20 नियमों पर अगर कोई लड़की खरी उतरती हो तो धन की बारिश होती है। पुलिस को अब तक की जांच में गैंग मेंबरों के मोबाइलों से करीब 350 लड़कियों के फोटो-वीडियो मिले हैं। ये लड़कियां कौन हैं? कहां की रहने वाली हैं? अब किस स्थिति में हैं…इस बारे में कोई खबर नहीं है। पुलिस अब पूरे प्रदेश में फोटो भेजकर इन लड़कियों की तलाश करा रही है। अगर लड़कियां मिसिंग हैं तो उनके मर्डर या फिर ट्रैफिकिंग का भी शक पुलिस को है। एक आशंका ये भी है कि जिस तरह से लड़कियों के वीडियो शूट किए जाते थे, कहीं वो किसी पोर्न वेबसाइट को तो नहीं बेचे जा रहे थे? फिलहाल, संभल पुलिस पूरे नेक्सस को ट्रैक करने में जुटी है। पढ़िए संभल से पूरी रिपोर्ट… यहां से हुई इस केस की शुरुआत चनका ठीक कराने के नाम पर ले गए, कमरे में की तंत्र क्रिया
इस पूरे केस की शुरुआत संभल जिले के कस्बा धनारी से हुई। यहां का रहने वाला राजपाल 21 मार्च को थाना धनारी पर पहुंचा। उसने बताया, वो उल्टा (ब्रीच बेबी) पैदा हुआ था। कहा जाता है कि ऐसे लोगों में कुछ विलक्षण प्रतिभाएं होती हैं। उदाहरण के तौर पर अगर किसी को चनका (सामान्य भाषा में नस पर नस चढ़ जाना) आ जाए तो ऐसे व्यक्ति से कमर पर पैर (लात) लगवाया जाता है, जिससे चनके की बीमारी दूर हो जाती है। इसी तरह 11 मार्च को दो युवक राजपाल के पास आए। इसमें एक शख्स बोला कि मेरी मां नरौरा (बुलंदशहर) के हॉस्पिटल में भर्ती हैं। चनका ठीक कराने के नाम पर वो राजपाल को नरौरा ले गए। वहां से एटा और फिर आगरा ले गए। राजपाल के अनुसार, आगरा में इस गैंग ने उसके हाथ-पैर बांध दिए। मुंह पर सफेद कपड़ा डाल दिया। फिर तंत्र क्रिया करके उसको मारने का प्रयास किया। चीख निकलने पर लोग इकट्ठा हो गए और इस तरह वो वहां से भागकर आ गया। नोटों से भरे गत्ते के पास तंत्र-क्रिया और लेटी हुई न्यूड लड़की
‘दैनिक भास्कर’ को पुलिस के जरिए आरोपियों के मोबाइल से कुछ आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। एक वीडियो में नोटों के कई गत्ते (कार्टून) भरे हुए हैं। इनके बराबर में पूजा-पाठ चल रही है और उसके बगल में एक न्यूड लड़की लेटी हुई है। इस वीडियो के जरिए दावा किया जाता है कि उक्त लड़की पर तंत्र–क्रिया सफल हो गई, जिसके बाद धनवर्षा के रूप में ये गत्ते नोटों से भर गए हैं। इस तरह के वीडियो गुरु के दलाल चेले गांव–गांव लेकर घूमते थे और गरीब परिवारों को टारगेट करके उन्हें करोड़पति बनने के सपने दिखाते थे। ऊंची हाइट, गरीब लड़की टारगेट…करोड़पति बनने का झांसा
इस गैंग के टारगेट पर वो लड़कियां होती थीं, जिनकी हाइट साढ़े पांच फीट या इससे ज्यादा हो। ऐसे परिवारों को ये झांसा देते थे कि सिर्फ एक दिन की तंत्र क्रिया होगी और आप करोड़पति बन जाएंगे। ये गरीब परिवार करोड़पति बनने की चाहत में तंत्र क्रिया के लिए तैयार हो जाते थे। सबसे पहले लड़कियों से 20 पॉइंट पर डिटेल्स भरवाई जाती थी। फिर उनका एक वीडियो बनाया जाता था, जिसमें वो इंच टेप लेकर अपने शरीर की लंबाई माप रही होती हैं। उसके बाद ये गिरोह के सदस्य ये फोटो-वीडियो गुरु के मैनेजर तक पहुंचाता था। फिर तय होता था कि तंत्र क्रिया कब और किस शहर में होगी। वहां ये गैंग लड़की को अपनी गाड़ी में लेकर जाता था। कमरे के अंदर तंत्र क्रिया के दौरान सिर्फ लड़की और गुरु मौजूद होते थे। वहां न्यूड करके लड़की को जमीन पर लिटाया जाता था। पुलिस का दावा है कि लड़की प्रसाद खाने के बाद बेहोश हो जाती थी, जिसके बाद उनसे रेप भी किया जाता था। पुलिस को एक ऑडियो क्लिप भी मिली है, जिसमें गुरु तंत्र क्रिया के दौरान लड़की से सेक्स की बात कह रहा है। दलाल इस बात पर हामी भर देता और कहता है कि लड़की सब करेगी, बस धनवर्षा होनी चाहिए। तंत्र क्रिया करने के लिए छह पैर वाले कछुए, दो-मुंहे सांप, उल्लू की बेहद डिमांड होती थी। इसका इंतजाम दलाल खुद करते थे। सिर्फ रेप करना मकसद नहीं, गैंग को है धनवर्षा पर यकीन
हमारा सवाल था कि क्या तंत्र क्रिया के बाद वाकई धनवर्षा होती थी? इस पर गिरोह सदस्यों के हवाले से पुलिस ने बताया, आज तक कोई तंत्र क्रिया सफल नहीं हुई। गुरु तंत्र क्रिया का ढोंग करके लड़की की अस्मत लूटते थे। धनवर्षा नहीं होने पर वो ये कह देते थे कि लड़की ने जिन 20 पॉइंट पर जानकारी दी है, उसमें कुछ न कुछ झूठ जरूर बोला है। मतलब वो जानकारी सही नहीं है, इस वजह से तंत्र क्रिया सफल नहीं हो पाई। हमने पूछा, क्या इस गैंग का मकसद सिर्फ लड़कियों से रेप करना था? इसके जवाब में जांच अफसर अनुकृति शर्मा ने बताया, इस गैंग के सभी लोग अंधविश्वासी हैं। उन्हें यकीन है कि धनवर्षा होती है, बशर्ते तंत्र-मंत्र प्रक्रिया सफल हो जाए। वो लोग लड़की के प्राइवेट पार्ट को टच करना भी इसी तंत्र-मंत्र का हिस्सा मानते हैं, लेकिन कानून की नजर में ये पूरी तरह अपराध है। सात-आठ साल से एक्टिव ये गैंग
पुलिस ने 14 आरोपियों के फोन खंगालने शुरू किए तो तंत्र क्रिया से जुड़े कई वॉट्सऐप ग्रुप मिले। इनकी चैट्स से पता चला है कि ये गैंग पिछले करीब सात-आठ साल से एक्टिव है। साल 2025 की चैट्स में ही 42 लड़कियों के फोटो-वीडियो मिले हैं, जिसमें कुछ बेहद आपत्तिजनक हैं। मसलन, लड़कियों के साथ इंटरकोर्स के वीडियो भी पुलिस को मिले हैं। पुलिस ने जब और चैट्स खंगाली तो इन फोटो-वीडियो की संख्या करीब 350 के आसपास थी। हालांकि पुलिस मान रही है कि शुरुआत से अब तक की चैट्स अच्छे से खंगाली जाए तो ये संख्या और ज्यादा पहुंच सकती है। पीड़िता बोली- 35 करोड़ की धनवर्षा का झांसा दिया, कमरे में प्रसाद खिलाया, फिर कुछ नहीं पता
वॉट्सऐप ग्रुप से मिले फोटो-वीडियो में हर एक लड़की की पूरी डिटेल्स है, लेकिन उसके गांव या जिले का नाम नहीं है। ऐसे में पुलिस के सामने एक बड़ी प्रॉब्लम है उसका एड्रेस खोजना। संभल पुलिस अभी सिर्फ एक लड़की तक पहुंच पाई है, जो यूपी में एटा जिले की रहने वाली है। इस लड़की की लंबाई साढ़े पांच फीट है। लड़की ने बताया, कुछ लोग घर पर आए थे। पापा से कह रहे थे कि आपकी बेटी को भगवान ने बड़ी फुर्सत से बनाया है। अगर हम इस पर तंत्र क्रिया करेंगे तो 35 करोड़ रुपए की धनवर्षा होगी। तीन लोग घर आकर उसको तंत्र क्रिया के लिए ले गए। कहां ले गए, ये नहीं पता। सिर्फ इतना याद है कि एक कमरे में ले गए। वहां एक तांत्रिक मौजूद था। उसने कुछ प्रसाद खिलाया। जिसके बाद उसे कुछ याद नहीं है कि वहां क्या हुआ। अब पुलिस के सामने प्रॉब्लम ये है कि ये परिवार FIR दर्ज कराने को तैयार नहीं है। उसकी वजह ये है कि इस लड़की का रिश्ता तय हो चुका है। अगले कुछ दिनों में शादी होने वाली है। परिवार का मानना है कि अगर वो हाइलाइट हुए तो रिश्ता टूट सकता है। इसलिए पुलिस अब बाकी लड़कियों के बारे में पता कर रही है, ताकि उनके बयान दर्ज किए जा सकें। पुलिस अब इन सभी लड़कियों के फोटो यूपी के हर जिले में डिस्ट्रिक क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (DCRB) को भिजवा रही है। वो चेक करेंगे कि इसमें से कोई लड़की मिसिंग रिकॉर्ड में तो नहीं है। अगर मिसिंग हुई तो ये मामला और बड़ा हो सकता है। 14 लोग पकड़े गए, इसमें एक रेलवे स्टेशन मास्टर
संभल जिले की अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अनुकृति शर्मा ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया, शिकायत गंभीर थी, इसलिए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सबसे पहले लाखन, रिंकू, अजय सिंह और दुर्जन को पकड़ा, जो राजपाल को धोखे से ले गए थे। रिंकू ने पूछताछ में बताया, उसे 5 लाख रुपए मिलने थे। उससे सिर्फ इतना कहा गया था कि एक ऐसे व्यक्ति को लेकर आना है, जो उल्टा पैदा हुआ हो। इस तरह जांच करती हुई पुलिस आगरा में यमुना ब्रिज रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर रघुवीर तक पहुंची। रघुवीर अपने कमरे में तंत्र क्रिया करता था। रघुवीर ने पुलिस को बताया कि वाकई धनवर्षा होती है। रघुवीर ने एक डेमो करके भी पुलिस को दिखाया। इसमें वो एक नारियल के ऊपर बैठा, कुछ मंत्र पढ़े और फिर गोल-गोल घूमने लगा। हालांकि पुलिस का मानना है कि ये सिर्फ एक बैलेंसिंग है, जिसमें नारियल के ऊपर बैठकर घूम गया होगा। बाकी तंत्र-मंत्र जैसा कुछ नहीं है। इस तरह इस गैंग के कुल 14 मेंबर पकड़े गए हैं। इसमें 3 गुरु भी हैं। जिसमें रघुवीर रेलवे स्टेशन मास्टर है। संजय चौहान आगरा में पतंजलि स्टोर चलाता है। तीसरा गुरु राघवेंद्र पोस्ट ग्रेजुएट है। ——————————- यह खबर भी पढ़िए:- ‘धनवर्षा गिरोह’ की डिमांड होती थी- लड़की कुंवारी-गोरी हो:यूपी के 6 जिलों में तांत्रिकों का नेटवर्क; अमीर बनाने का लालच देकर रेप करते राजपाल की शिकायत पर संभल पुलिस ने अजय, संतोष और दुर्जन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके मोबाइल खंगाले तो सभी हैरान रह गए। मोबाइल में तमाम लड़कियों के न्यूड फोटो-वीडियो मिले। एक प्रोफार्मा भी था, जिसमें लड़कियों-लड़कों से उनकी हाइट से लेकर प्राइवेट पार्ट तक की जानकारी भरवाई गई थी। पुलिस ने 14 आरोपियों को अरेस्ट कर धनवर्षा तंत्र क्रिया गिरोह का खुलासा किया। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *