लखीमपुर खीरी के निघासन कोतवाली क्षेत्र में ढखेरवा-निघासन स्टेट हाईवे पर हाजरा फार्म के पास खड़ी गन्ने की ट्रॉली में कार की पीछे से टक्कर हो गई। हादसे में 4 युवकों की मौत हो गई। तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार युवक बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे। वह अपने एक दोस्त को घर छोड़ने जा रहे थे। हादसे में चौधरी पुरवा के संजय (24), रजनीश (19) और लखहा निवासी लवकुश (23) की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रॉली का पंचर ठीक कर रहे सिंगाही कस्बा निवासी अंसार (26) को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर दुबई से इंडिया आई डॉक्टर की बेटी की मौत; बदायूं में साइकिल सवारों को बचाने में ट्रक से टकराई कार बदायूं में बुधवार शाम को सड़क हादसे में दुबई से इंडिया आई डॉक्टर की बेटी की मौत हो गई। हादसे में चालक समेत 3 लोग घायल हो गए। हादसा बदायूं-मेरठ हाईवे पर नैनोल बागबाला गांव के पास हुआ। दो साइकिल सवारों को बचाने में तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। मृतका 28 वर्षीय तान्या मेहता दुबई में नौकरी करती थी। अपने माता-पिता से मिलने बदायूं आ रही थी। उनके पिता डॉ. संजय कुमार निजी प्रैक्टिस करते हैं। मां हेमा मेहता केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज में शिक्षिका हैं। पढ़ें पूरी खबर 8 साल से जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के बेटे की 60 लाख की संपत्ति जब्त, ईडी ने की कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के लखनऊ जोनल ऑफिस ने उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति के बेटे अनिल कुमार प्रजापति की 60 लाख रुपए की चल संपत्ति को जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए), 2002 एक्ट के प्रावधानों के तहत की गई है। प्रवर्तन निदेशालय के प्रवक्ता ने बताया कि यह रकम मेसर्स बालाजी कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते में जमा थी। यह राशि मुंबई के वडाला में स्थित “वर्टु” प्रोजेक्ट में एक फ्लैट की बुकिंग राशि के रूप में जमा थी। जानकारी के अनुसार ईडी ने विजिलेंस में आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर अपनी जांच शुरू की थी। ईडी की जांच में पता चला कि गायत्री प्रसाद प्रजापति ने उत्तर प्रदेश के खनन मंत्री के रूप में अपने पद का दुरुपयोग किया और अपने परिवार के सदस्यों और अन्य करीबी सहयोगियों व मित्रों के नाम पर अपनी आय के स्रोत के अनुपात से बहुत अधिक संपत्ति अर्जित की। गायत्री प्रसाद प्रजापति और उनके परिवार के सदस्यों ने विभिन्न इकाइयों के माध्यम से काल्पनिक और झूठा लेन-देन दिखाकर पैसों काे इधर–उधर किया। उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों के बैंक खातों का उपयोग अपने अवैध लाभ के लिए अर्जित अवैध नकदी जमा करने के लिए भी किया। पढ़ें पूरी खबर… रायबरेली में गश्त के दौरान दुकान में घुसी पुलिस की कार, चौकी इंचार्ज की मौत; 3 गंभीर रायबरेली में रात्रि गश्त के दौरान सड़क हादसे में सेमरी चौकी के इंचार्ज की मौत हो गई। 3 अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। चौकी इंचार्ज चमन सिंह अपने साथी जितेंद्र के साथ दो संदिग्धों -उदय और सूर्यभान को गिरफ्तार करके लौट रहे थे। खीरों थाना के जगत ढाबा के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर एक दुकान में घुस गई। हादसे में चौकी इंचार्ज चमन सिंह सहित 4 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हॉस्पिटल ले जाते समय चमन सिंह की मौत हो गई। उनके साथी जितेंद्र को गंभीर हालत में सीएचसी से ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। हादसे में दोनों संदिग्ध भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। चमन सिंह के परिजनों को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पढ़िए पूरी खबर 25 हजार के इनामी 2 गैंगस्टर का एनकाउंटर; पुलिस ने पैर में गोली मारकर पकड़ा मुरादाबाद में SSP की ओर से जारी की गई जिले के 9 मोस्ट वांटेड अपराधियों की लिस्ट में से 2 गैंगस्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पैर में गोली मार दी। मंगलवार शाम ये लिस्ट जारी करते हुए एसएसपी सतपाल अंतिल ने संबंधित थाना प्रभारियों को इनकी अरेस्टिंग के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी थी। साफ हिदायत दी थी कि थाना इंचार्ज की कुर्सी पर बने रहना है तो लिस्ट में शामिल गैंगस्टर सलाखों में होने चाहिए। पढ़िए पूरी खबर हत्या करने वाले 3 दोषियों को 10-10 साल की जेल; झांसी में 15 साल पहले युवक के पेट में घोंप दिया था चाकू झांसी में गैर इरादतन हत्या के जुर्म में कोर्ट ने तीन दोषियों को 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। आरोपियों ने 15 साल पहले चाकू घोंपकर एक युवक का मर्डर कर दिया था। इस केस में तीनों पर डेढ़ लाख रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। इसमें से एक लाख पीड़ित परिवार को दिए जाएंगे। अर्थदण्ड अदा नहीं करने पर 6-6 माह की जेल अतिरिक्त काटनी होगी। यह फैसला एससीएसटी एक्ट काेर्ट के विशेष न्यायाधीश धीरेंद्र कुमार तृतीय ने मंगलवार को सुनाया है। पढ़िए पूरी खबर ज्वेलरी-शॉप लूटने की कोशिश करने वाले बदमाश को मारी गोली; जैतपुरा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा वाराणसी के जैतपुरा की ज्वेलरी शॉप में लूटपाट के इरादे से घुसने वाले दोनों बदमाश बुधवार तड़के पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस टीम की बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग मे एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। जबकि दूसरे ने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया, वहीं घायल को उपचार के लिए कबीरचौरा अस्पताल भेजा गया। जानकारी के बाद एसीपी चेतगंज गौरव कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस की कार्रवाई से सराफा कारोबारियों ने राहत की सांस ली। पढ़िए पूरी खबर


