यूपी में कड़ाके की ठंड जारी है। पहाड़ों पर बर्फबारी से सीजन में पहली बार पारा 2.1°C पहुंच गया। बर्फीली हवाओं की वजह से धूप बेअसर रही। आज सुबह से बरेली, बिजनौर, संभल समेत 23 जिले कोहरे की चपेट में हैं। सड़कों पर 50 मीटर भी देखना मुश्किल है। रात के वक्त पड़ रहे पाले से सुबह लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। पिछले 24 घंटे में मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.1°C रिकॉर्ड किया गया। ठंड के चलते 8वीं तक के स्कूल नोएडा में 15 जनवरी, झांसी में 14 और गोरखपुर, आगरा, बिजनौर में 13 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। गाजियाबाद में 5वीं तक स्कूल 15 जनवरी तक बंद रहेंगे। कोहरे से गोरखपुर और कानपुर पहुंचने वाली 48 ट्रेनें लेट चल रही हैं। झांसी रेल मंडल में ट्रेनों की रफ्तार कम कर दी गई है। यहां मौसम में सुधार होने तक ट्रेनें तय स्पीड से आधी रफ्तार से चलेंगी। इसके अलावा, लखनऊ और वाराणसी एयरपोर्ट पर 5 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट हैं। बिजनौर पर कम विजिबिलिटी के चलते बस पलट गई। हादसे में 38 यात्री घायल हो गए। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा- उत्तर पाकिस्तान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसका असर ऊंचाई पर चल रही पश्चिमी हवाओं में भी दिख रहा है। ये हवाएं यूपी तक पहुंच रही हैं। आज से मौसम फिर से बदलेगा। तापमान 2-3 डिग्री तक गिर सकता है। सुबह और शाम ज्यादा ठंड रहेगी। मौसम की तस्वीरें देखिए- आपके शहर में आज मौसम कैसा है, अगले एक हफ्ते मौसम कैसा रहेगा? जानने के लिए स्क्रोल करिए…


