यूपी के लिए 2025 बहुत खास साबित होने वाला है। देश के सबसे बड़े इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा से उड़ान शुरू होंगी। अयोध्या में 3 मंजिल का राम मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे पूरे हो जाएंगे। नए साल में सरकार फ्री में मोटा अनाज मुहैया करवाएगी। यूपी के 49 जिलों में नेचुरल खेती की शुरुआत होगी। नया साल नए बदलाव भी लेकर आया है। 1 जनवरी यानी आज से सभी सरकारी दफ्तरों में फाइलें और लेटर डिजिटल ट्रांसफर और हैंडओवर होंगे। अब सिलसिलेवार यूपी के वो बड़े प्रोजेक्ट पढ़िए, जो 2025 में पूरे हो जाएंगे… 1. राम मंदिर: सितंबर तक तैयार हो जाएगा अयोध्या में बन रहे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण 30 जून तक पूरा हो जाएगा। 22 जनवरी, 2024 को पीएम मोदी की मौजूदगी में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। उस वक्त ग्राउंड फ्लोर ही बना था। यह मंदिर 3 मंजिल का बन रहा है। 2. जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट: देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे से उड़ान मिलेगी 2025 में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान की शुरुआत होगी। ये उड़ान 17 अप्रैल, 2025 से शुरू होंगी। पहले दिन 30 उड़ानें शेड्यूल हैं। इसमें 25 घरेलू फ्लाइट्स हैं। 3 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें और 2 कार्गो फ्लाइट्स शामिल की गईं हैं। यहां से उड़ान भरने वाली घरेलू उड़ानों में मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, लखनऊ, और देहरादून जैसे शहर शामिल होंगे। जबकि पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ानें ज़्यूरिख, सिंगापुर और दुबई के लिए मिलेंगी। 3. स्वरूप लेगा एससीआर: राजधानी का दायरा बढ़ेगा उत्तर प्रदेश में आधुनिक सुविधाओं वाला एक नया शहर स्वरूप लेता दिखाई देगा। राजधानी लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और बाराबंकी के 27826 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को मिलाकर नया ACR बसाया जाएगा। इस शहर में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) से भी बेहतर सुविधाएं होंगी। आने-जाने के लिए सिटी बस और मेट्रो रेल की सुविधाएं दी जाएंगी। 4. गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे: पूर्वांचल की रफ्तार बढ़ेगी गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे योगी सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इससे गोरखपुर, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के जरिए लखनऊ, आगरा और दिल्ली तक रास्ता आसान हो जाएगा। इससे गोरखपुर से लखनऊ की दूरी 3:30 घंटे में पूरी हो जाएगी। इस एक्सप्रेस-वे का सबसे ज्यादा फायदा 4 जिलों को होगा। इनमें गोरखपुर, अम्बेडकरनगर, संतकबीरनगर, आजमगढ़ जिले शामिल हैं। 5. गंगा एक्सप्रेस-वे: यूपी को मिलेगा सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे गंगा एक्सप्रेस-वे 2025 में शुरू हो जाएगा। यह मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। एक्सप्रेस-वे का उद्देश्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूरब से जोड़ना है। दोनों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक यात्रा के सेतु की तरह काम करेगा। उम्मीद है कि जून तक इस पर वाहन दौड़ने लगेंगे। गंगा एक्सप्रेस-वे 12 जिलों के 518 गांवों से होकर गुजर रहा है। 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेस-वे की अनुमानित लागत 36,404 करोड़ है। एक्सप्रेस-वे पर 28 ओवर ब्रिज बनाए गए हैं। अब 2025 में होने वाले बदलाव भी पढ़िए… ऑनलाइन वर्किंग: डिजिटल होंगी फाइलें, महकमों में पेंडेंसी रुकेगी 1 जनवरी से सभी सरकारी दफ्तरों में फाइलें और लेटर डिजिटल ट्रांसफर होंगे। फाइलें लटकाने वालों पर कार्रवाई होगी। योगी सरकार ने सरकारी फाइलों के संबंध में नया आदेश जारी किया है। वर्दी का भत्ता बढ़ेगा: सर्दी की वर्दी के लिए दो हजार मिलेंगे
उत्तर प्रदेश सरकार ने सरकारी कार्यालयों में तैनात वाहन चालकों और अनुसेवकों का वर्दी भत्ता बढ़ा दिया है। शासनादेश के अनुसार, वर्दी की खरीद, नवीनीकरण और धुलाई के लिए भत्तों में वृद्धि की गई है। 2025 में कुल 24 सार्वजनिक छुट्टियां इस बार छुट्टियों में खास बात यह है कि ज्यादातर त्योहार वर्किंग डेज में पर पड़ रहे हैं। 2025 में कुल 24 सार्वजनिक और 31 अप्रतिबंधित छुट्टियां होंगी। केवल तीन त्योहार (गणतंत्र दिवस, रामनवमी और मोहर्रम) रविवार को पड़ेंगे। सरकार ने साफ कहा है कि अगर किसी दिन एक से अधिक त्योहार या जन्मतिथि पड़ती है, तो उस दिन केवल एक ही छुट्टी मिलेगी। 48 IAS का होगा प्रमोशन
यूपी में जनवरी 2025 में बड़े प्रशासनिक बदलाव की तैयारी। 48 IAS अफसरों का प्रमोशन होगा। 15 जिलों के DM की तब्दीली होगी। 2009 बैच के कुल 41 IAS अधिकारियों को विशेष सचिव (DM) से सचिव स्तर पर पदोन्नति मिलेगी। प्रमोशन प्राप्त करने वाले इन अधिकारियों में लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, गाजियाबाद और मथुरा के जिलाधिकारी भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के 49 जिलों में प्राकृतिक खेती होगी 2025 में उत्तर प्रदेश के 49 जिलों में प्राकृतिक खेती होगी। सरकार देसी गाय आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। 26 जिलों में केंद्र सरकार और 23 जिलों प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देगी। किसानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्राकृतिक खेती शून्य लागत वाली खेती है। कार्ड धारकों को मिलेगा मोटा अनाज
साल 2025 में एक जनवरी से राशन कार्ड धारकों को सरकार की ओर से मुफ्त राशन मिलने के साथ ही मोटा अनाज भी दिया जाएगा। ताकि लोग मोटे अनाज के प्रति ज्यादा से ज्यादा जागरूक हों। जनवरी से मिलने वाले खाद्यान्न में गेहूं और चावल के साथ-साथ ज्वार और बाजरा भी दिया जाएगा। ——————————– यह खबर भी पढ़िए… मुख्तार की मूंछों पर आखिरी ताव:24 कैरेट का ब्राह्मण हूं, सबके राम आ गए, जालीदार टोपी से जीत; 24 तस्वीरों में यूपी साल 2024 बीत रहा है। 2025 इस्तकबाल के लिए तैयार है। यूपी में 2024 में बहुत कुछ हुआ। चौंकाया, डराया और रुलाया भी। अयोध्या में राम आए तो भक्तों के आंसू छलक पड़े। फिर लोकसभा चुनाव के रिजल्ट ने सबको चौंका दिया। दो लड़कों की जोड़ी हिट हुई। बहराइच और संभल हिंसा ने डराया। फिर हाथरस भगदड़ और झांसी अग्निकांड ने रुलाया। माफिया मुख्तार की मौत हुई तो बेटे ने मूंछों पर आखिरी ताव दिया। पढ़ें पूरी खबर…


