खजुराहो से 10 किलोमीटर दूर बमीठा में किसानों ने यूरिया खाद की कमी को लेकर नेशनल हाईवे 39 जाम कर दिया। घटना ऐसे समय हुई जब खजुराहो में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित 30 मंत्री और प्रदेश के आला अधिकारी मौजूद थे। यह वही मार्ग है जिससे मुख्यमंत्री को गुजरना था, क्योंकि वे ओबेरॉय ग्रुप के राजगढ़ पैलेस में ठहरे हुए थे। बमीठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पास नेशनल हाईवे पर किसानों ने खाद उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों का कहना था कि सोसायटियों में यूरिया खाद की भारी कमी है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। एक घंटे की समझाइश के बाद किसानों ने रास्ता खोला सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटेरिया और बमीठा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाकर जाम खुलवाया। लगभग एक घंटे की समझाइश के बाद किसानों ने रास्ता खोला और बमीठा पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ यूरिया खाद वितरण व्यवस्था में भी जुटे रहे।


