कोटा स्थित घोंघा जलाशय इन दिनों पूरी तरह भर गया है और वेस्ट वियर से लगातार पानी बह रहा है। बावजूद इसके लोग जान हथेली पर रखकर इसके ऊपर से गुजर रहे हैं और नहा भी रहे हैं। यह स्थिति बेहद खतरनाक है, क्योंकि पूर्व में यहां कई लोगों की जान जा चुकी है। शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में लोग जलाशय पहुंचे। इस दौरान वेस्ट वियर के ठीक सामने कई लोग नहाते हुए नजर आए। सबसे चिंताजनक बात यह है कि जलाशय के आसपास किसी भी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। ऐसे में अगर कोई हादसा होता है, तो बचाव कार्य भी मुश्किल हो सकता है। यही हाल रतनपुर के खूंटाघाट जलाशय का भी है। यहां भी जलस्तर बढ़ने के कारण वेस्ट वियर से पानी बह रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक इसे देखने पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने खतरे को भांपते हुए ब्रिज को बंद कर दिया है, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की तैनाती नहीं होने से पर्यटक बैरिकेड कूदकर ब्रिज के ऊपर पहुंच जा रहे हैं। यह लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।


