नेशनल हाईवे-27 पर बालिका छात्रावास के समीप रविवार देर शाम ऑटो व बाइक की टक्कर में गांव के रतनलाल धाकड़ (22) की मौत हो गई। बाइक पर उसके पीछे बैठा उसका मौसेरा भाई राहुल धाकड़ (21) घायल हो गया। रतनलाल और उसकी बहन की 5 दिसंबर को एक ही दिन शादी थी। वह शादी की खरीदारी करने बेगूं गया था, जहां से लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। रतनलाल गांव में ही एक निजी स्कूल में अध्यापन करता था। रतन की मौत का पता चलते ही पिता जमनालाल के साथ छोटी बहन यशोदा सदमे से अचेत होकर गिर पड़ी। ग्रामीणों ने दोनों को काटूंदा अस्पताल में भर्ती कराया। जमनलाल ने एक बेटा व एक ही बेटी होने से दोनों की सगाई आंटा-संटा पंरपरा में समाज के एक ही परिवार में की थी। दोनों की 5 दिसंबर को शादी की तैयारी के साथ घर में विवाह की रस्में चल रहीं थीं। घोड़ी पर चढ़ने वाला रतन नाते-रिश्तेदारों के कंधों पर सवार होकर अंतिम सफर पर निकल पड़ा। गांव के किसी घर में आज चूल्हा नहीं जला। बीएसएफ के ASI को बस ने कुचला, 5 को है बेटे की शादी गुढ़ागौड़जी (झुंझुनूं)| भोड़की गांव निवासी एवं बीएसएफ में एएसआई मनोज भार्गव (52) की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को गांव में किया गया। बीएसएफ की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इससे पहले युवाओं ने तिरंगा रैली निकाली। मनोज बीएसएफ में उड़ीसा में 116 बटालियन में तैनात थे। उनके बड़े बेटे विजय की शादी पांच दिसंबर को होनी है। इसीलिए दस दिन पहले छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे। वे शनिवार शाम शादी संबंधी खरीदारी के लिए सीकर जाने के लिए पोसाना टोलबूथ पर आए था। बेटा उन्हें गाड़ी से यहां छोड़कर गया था। यहां रोडवेज बस में चढ़ते समय नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई। मनोज भार्गव के दो बेटे व एक बेटी है। बड़े बेटे विजय की पांच दिसंबर को शादी होनी है। घर में खुशी का माहौल था। सोमवार को बेटे का बान बैठने वाला था। इसी बीच मनोज की मौत की खबर आ गई। खबर सुनते ही घर में खुशी व उत्साह का माहौर करुण क्रंदन में बदल गया। शोकसभा में जा रहे थे दो परिवार, जीप खाई में गिरी, तीन की मौत पाली-बाली| थाना क्षेत्र के कुंडाल में सोमवार दोपहर पांच बोर सायरा से कुंडाल की ओर जा रही जीप का अचानक पीछे का पहिया निकल गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। घायलों को बाली जिला अस्पताल लाया गया, जहां 13 गंभीर घायलों को पाली रेफर कर दिया गया। जीप में दो परिवारों के 28 लोग सवार थे, जो दो अलग-अलग जगहों पर होने वाली शोकसभा में शामिल होने जा रहे थे। कुंडाल सरपंच पिंटू गरासिया के अनुसार हादसे में तेरसी (45) पत्नी सुरताराम, कालाराम पुत्र लालाराम निवासी पांच बोर सायरा और सीता पत्नी दिनेश कुमार की मौत हो गई। बाली थाना अधिकारी पर्वतसिंह भाटी ने बताया कि जीप में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं। वाहन पेड़ से टकराकर रुका, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। एंबुलेंस और बाइक की टक्कर में दो मौसेरे भाइयों की जान गई भरतपुर| सेवर थाना क्षेत्र में रविवार को हुई एक दर्दनाक दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रूपवास रोड पर पंजाबी के नगला के पास तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने बाइक सवार दो मौसेरे भाइयों को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बहादुर सिंह (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोहन सिंह (36) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों चक्का जी बर्रपुरा की निवासी हैं। एसआई करतार सिंह ने बताया किबहादुर और मोहन भरतपुर से घर का राशन लेकर लौट रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया। दोनों ही अपने-अपने परिवारों के कमाने वाले सदस्य थे। रूपवास सीएससी से एक्सीडेंट का एक मरीज को 108 एंबुलेंस आरबीएम अस्पताल लेकर जा रही थी। हादसे के बाद एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। एंबुलेंस में मौजूद मरीज के परिजन निजी वाहन से अस्पताल पहुंचे। 108 एंबुलेंस के मीडिया प्रभारी भानूसोनी ने बताया कि एंबुलेंस एक्सीडेंट रेफर मरीज को रूपवास सीएससी से आरबीएम ला रही थी, तभी रॉन्ग साइड से आई बाइक ने टक्कर मार दी।


