महाकुंभ का आज 7वां दिन है। CM योगी भी पहुंचे। उन्होंने हेलिकॉप्टर से महाकुंभ मेला क्षेत्र का जायजा लिया। इसके बाद अफसरों के साथ मीटिंग की। इस दौरान सीएम योगी ने आगामी गणतंत्र दिवस, मौनी अमावस्या और वसंत पंचमी के अवसर पर महाकुम्भ मेला क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन और संचार तंत्र को और बेहतर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा- मौनी अमावस्या और वसंत पंचमी के अवसर पर अमृत स्नान के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता चाहिए। भीड़ प्रबंधन की दृष्टि से इन विशेष दिवसों पर पांटून पुल पर आवागमन वन-वे रखा जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि मौनी अमावस्या और वसंत पंचमी के अवसर पर पूरे मेला क्षेत्र को नो व्हीकल ज़ोन घोषित किया जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं की आस्था का पूरा सम्मान होना चाहिए। जिसे भी किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, व्यवस्था में लगे लोग आगे बढ़कर मदद करें। योगी महाकुंभ मेला क्षेत्र में ODOP के स्टॉल पर गए। सुगंधित चावल के बारे में स्टॉल संचालक ने बताया तो योगी उसकी खुशबू को महसूस करते दिखे। मुरारी बापू की कथा में पहुंचे CM योगी की तस्वीरें योगी बोले- सभी अखंड़ भारत का संदेश लेकर जाएं
योगी ने मुरारी बापू की कथा में कहा- आज मैंने देखा कि प्रयागराज के सारे घाट श्रद्धालुओं से भरे हैं। मुझे बापू की कई कथाओं में सहभाग करने का अवसर प्राप्त हुआ। प्रत्येक कथा में कुछ न कुछ नया होता हैं। प्रयाग की धरती पर अक्षय वट है, सरस्वती कूप भी है, नागवासुकी का पावन मंदिर है, महर्षि भारद्वाज जी का आश्रम है और पावन त्रिवेणी का संगम भी है, इस पवित्र धरा पर आप सभी का अभिनंदन है। योगी ने कहा- कथा का संदेश राष्ट्रीय एकता का संदेश होना चाहिए। अखंड़ भारत का संदेश होना चाहिए। उत्तर-दक्षिण, पूर्व-पश्चिम के मिलन का संदेश होना चाहिए। आप सभी अखंड़ भारत का संदेश लेकर जाएं। ODOP के स्टॉल पहुंचे योगी, 3 तस्वीरें मौनी अमावस्या पर 10 करोड़ श्रद्धालु आ सकते हैं
CM योगी ने मौनी अमावस्या पर करीब 8-10 करोड़ श्रद्धालुओं के महाकुंभ में आने की संभावना जताई है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि रेलवे से कोऑर्डिनेट करके ट्रेनों को चलाएं। मोबाइल नेटवर्क मजबूत करें। हर सेक्टर में 24 घंटे बिजली और पानी की सप्लाई बनाए रखें। घाटों की बैरिकेडिंग करें। हर जिले से बसें चलाएं। साथ ही प्रयागराज में ई-बसें, शटल बसें लगातार चलती रहें।


