भास्कर न्यूज | बालोद अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को संपूर्ण बालोद जिला योगमय हो गया। जिला मुख्यालय बालोद सहित सभी मुख्यालयों, नगरीय निकायों, शासकीय और अर्धशासकीय कार्यालयों एवं आम नागरिकों ने अपने-अपने घरों में योगाभ्यास कर इस दिन को सार्थक बनाया। जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन गंजपारा स्थित इंडोर स्टेडियम में किया गया। योग दिवस को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने जिलेवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से 2014 में संयुक्त राष्ट्र संघ में योग के महत्व को स्वीकार किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया। योग के माध्यम से न केवल शारीरिक विकार दूर होते हैं, बल्कि यह सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और प्रकृति से जुड़ाव भी सिखाता है। इस सामूहिक योगाभ्यास में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक ललित चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंन्द्र चंद्राकर, उपाध्यक्ष तोमन साहू, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, पवन साहू, केसी पवार आदि शामिल हुए।


