छिंदवाड़ा में रंगदारी वसूलने और मारपीट कर आतंक मचाने वाले बदमाशों की हेकड़ी पुलिस ने निकाल दी। सोमवार को कोतवाली पुलिस ने गुलाबरा क्षेत्र के रहने वाले आरोपियों का उन्हीं के इलाके में जुलूस निकाला। पुलिस ने आरोपियों से बीच चौराहे पर उठक-बैठक लगवाई और नारा लगवाया- ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है’। SP से शिकायत के आधे घंटे बाद एक्शन जानकारी के अनुसार, आरोपी गुलाबरा और आसपास के क्षेत्रों में दुकानदारों से मारपीट और रंगदारी वसूली कर रहे थे। तीन दिन पहले एक चाय दुकान संचालक के साथ मारपीट कर पैसे ऐंठने की कोशिश की गई थी। थाने में कार्रवाई में देरी होने पर पीड़ित ने सीधे एसपी अजय पांडे से गुहार लगाई। एसपी के निर्देश मिलते ही पुलिस ने आधे घंटे में आरोपियों को दबोच लिया। सरेराह कान पकड़कर मांगी माफी पुलिस ने आरोपियों का उसी क्षेत्र में जुलूस निकाला, जहां वे दबंगई दिखाते थे। जुलूस के दौरान आरोपियों से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई गई। पुलिस ने साफ संदेश दिया कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई के दौरान एसआई नारायण बघेल, एसआई बृजेश रघुवंशी सहित कोतवाली थाने का बल मौजूद रहा।


