मैहर स्थित मां शारदा देवी धाम परिसर की पार्किंग में पैसे को लेकर हुए विवाद का मामला सामने आया है। इस दौरान हुई मारपीट का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आ रहा है। घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे दर्शनार्थी व्यक्ति का पार्किंग में तैनात कर्मचारियों से पैसे को लेकर विवाद हो गया। पार्किंग कर्मचारियों पर कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। विवाद बढ़ने पर वाहन में सवार कुछ लोगों ने स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि वाहन चालक ने गाड़ी से उतरकर पार्किंग कर्मचारी को समझाने की कोशिश की, जिसके बाद आपसी धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर जांच कर रही है वीडियो सामने आने के बाद यह मामला प्रशासन के संज्ञान में आया। वहीं, पार्किंग संचालन पक्ष ने मां शारदा मंदिर चौकी में आवेदन देकर पूरे मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।


