कम समय में रकम दो गुना करने का झांसा देकर 50 लाख रूपए की ठगी करने के मामले में बलरामपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 45 दिनों में निवेशित रकम को दोगुना करने का झांसा देकर लोगों से ठगी की है। आरोपी द्वारा बलरामपुर, जशपुर जिलों के 29 लोगों से 50 लाख रुपए से अधिक रकम की ठगी करने की जानकारी पुलिस को मिली है। यह ठगी तीन वर्ष पूर्व की गई थी। रिटायर्ड टीचर ने ठगी की रिपोर्ट शंकरगढ़ थाने में दर्ज कराई गई थी। जानकारी के मुताबिक, जशपुर जिले के सन्ना अंतर्गत ग्राम चंपा निवासी रिटायर्ड टीचर मनियार साय भगत (63) ने शंकरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मूलतः शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गम्हारडीह का निवासी नुरुल सिद्दीकी ने नवंबर 2021 में उसके घर आया था। इस दौरान नुरुल सिद्दीकी ने उसे कम समय में रकम दोगुना करने का प्लान बताया। मनियार साय भगत नरूल सिद्दीकी के साथ भतीजा डीपाडीह कला निवासी मनोज कुमार भगत के घर गए। इस दौरान आरोपी ने दोनों को 45 दिनों में रकम दोगुना करने का झांसा दिया। झांसे में आकर उन्होंने आरोपी 5 लाख रूपए का चेक दिया। दोगुनी रकम का दिया चेक, खाते में नहीं थे रुपए
मनियार साय भगत से पांच लाख रुपए का चेक लेकर आरोपी नुरुल सिद्दीकी ने उसे 10 लाख रुपए का चेक दे दिया। निर्धारित अवधि समाप्त होने पर मनियार साय भगत जब यूको बैंक गया तो पता चला कि नुरुल सिदीकी के खाते में पैसा ही नहीं है। ऐसे में मनियार साय ने आरोपी से संपर्क किया तो आरोपी रूपए लौटाने के नाम पर टाल-मटोल करता रहा, लेकिन उसने पैसे नहीं लौटाए। एफआईआर दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
मनियार साय की रिपोर्ट पर पुलिस ने 30 मार्च 2025 को आरोपी नुरूल सिद्दीकी के खिलाफ धारा 420 का अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को अंबिकापुर के घुटरापारा से गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। कई लोग हुए ठगी का शिकार
शिकायत में मनियार साय ने बताया कि उसके भतीजे डीपाडीह निवासी मनोज कुमार भगत से नुरूल सिद्दीकी ने 3 लाख रूपये, लगन राम पैकरा निवासी शंकरगढ़ से एक लाख रुपये, संत कुमार निवासी कोठली से एक लाख रुपये, प्रभु निवासी कोठली से 4 लाख रुपये, रूद्रनारायण भगत निवासी चंपा से पांच लाख रुपये, शिवमंगल राम निवासी डीपाडीहकला से 10 लाख रुपये, जनेवधारी रवि निवासी कोठली से 3 लाख रुपये, जितेन्द्र कुमार प्रजापति निवासी डीपाडीहकला से 70 हजार रुपये की ठगी की है। अन्य लोगों में भानुप्रताप नाग निवासी चंपा 50 हजार रू, घरफरू अगरिया निवासी घटगांव से 50 हजार रूपए, राजकुमार यादव निवासी कोठली से 75 हजार रूपए, सुखना राम निवासी कोठली से 1 लाख रुपये, राजकुमार भगत निवासी कोठली से एक लाख रुपये, मंगल साय निवासी डीपाडीहकला से 3 लाख रुपये मानसाय निवासी डीपाडीहकला से 2 लाख रुपये की ठगी नुरूल सिद्दीकी ने वर्ष 2021 में की है। 30 दिन में भी राशि दोगुना करने का झांसा
ठगी के शिकार हुए लोगों ने बताया कि कई लोगों को आरोपी नुरुल सिद्दीकी ने वर्ष 2021 में छोटी-छोटी रकम को 30 दिन में डबल करके दिया। जब ग्रामीणों का भरोसा बढ़ गया तो उसने लोगों से ज्यादा रकम की ठगी की और भरोसा दिलाने के लिए यूको एवं स्टेट बैंक का चेक दिया है।


