जोधपुर में रक्तदान के प्रति युवाओं को जागरूक करने के लिए युवाओं के ग्रुप की ओर से पहल की गई है। जांगिड़ समाज की ओर से विश्वकर्मा भवन में रक्त की महत्ता समझाने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर लगाया गया। जिसमें युवाओं ने बढ़ चढ़कर भागीदारी निभाते हुए उत्साह के साथ रक्तदान किया। कार्यक्रम को लेकर जानकारी देते हुए श्री विश्वकर्मा युवा संघ संस्थान के अध्यक्ष कुलदीप जांगिड़ ने बताया कि इस बार संस्थान की ओर से 13वा रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। ये सुबह 9:00 बजे से शुरू हुआ, जिसमें दोपहर तक करीब 150 यूनिट रक्तदान किया गया। संस्थान के संरक्षक भारत जांगिड़ ने बताया कि खून की कमी से किसी की जान नहीं जाए, इसलिए हम सभी को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ यह शिविर लगाया गया। विश्वकर्मा जांगिड पंचायत के अध्यक्ष वासुदेव बुढल ने बताया कि आज के समय में रक्तदान करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि कई बार अस्पतालों में खून की कमी से लोगों की असमय ही मौत हो जाती है। इसलिए इस तरह के शिविर लगाने चाहिए। जांगिड़ ब्राह्मण महासभा के वरिष्ठ उप प्रधान पुखराज जांगिड़ ने बताया कि शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते हुए रक्तदान किया। संस्थान सहयोग करने वाले सभी समर्पित युवाओं का आभारी है।


