रक्षाबंधन के तहत डीएवी की बच्चियों ने जवानों की कलाई पर बांधी राखी

भास्कर न्यूज| चाईबासा सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल में श्रावणी पर्व के अंतर्गत रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीआरपीएफ 174 बटालियन के सहायक कमांडेंट धर्मेंद्र नारायण सिंह सहित 30 जवान उपस्थित थे। सहायक कमांडेंट धर्मेंद्र नारायण सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि राखी प्यार, स्नेह, रक्षा और विश्वास का प्रतीक है। राखी मात्र एक धागा नहीं यह वर्दी से परे दिलों को जोड़ता है। यह एक भावनात्मक जुड़ाव है, जो हमें देश की रक्षा के साथ-साथ जिम्मेदारी का भी एहसास कराता है। स्वागत भाषण देते हुए प्राचार्य ओम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि राखी के अवसर पर बहनें अपने भाई की लंबी उम्र एवं ऐश्वर्य की प्रार्थना करती हैं। भाई एक अभिभावक की तरह अपनी बहन की रक्षा करता है। हमारे जवान देश की सुरक्षा में हमेशा तत्पर रहते हैं। हमारा यह कार्यक्रम हमारे वीर जवानों को राखी के अवसर पर परिवार की कमी को दूर करने का एक छोटा – सा प्रयास है। छात्र वेदांश सतपथी ने देश भक्ति कविता प्रस्तुत की। शिक्षक देवानंद तिवारी ने कहा कि हमारे वीर जवानों के कारण ही हमारा देश सुरक्षित है एवं हम अपने घरों में उनके त्याग व बलिदान के कारण ही खुशी-खुशी त्यौहार मना पा रहे हैं। छात्रा अर्पिता राज और आयुषी दास ने “ये बंधन तो प्यार का बंधन है” शीर्षक गीत प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। छात्राओं द्वारा “फूलों का तारों का” शीर्षक समूह गीत प्रस्तुत किया गया। संगीत शिक्षक ओमीर चंद्र दास ने “देखो वीर जवानों” शीर्षक गीत प्रस्तुत किया। धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक चंद्रशेखर ने दिया। मंच संचालन शिक्षिका सुधा सिंह व हवन यज्ञ शिक्षक जयंत कुमार पंडा ने संपन्न कराया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *