भास्कर न्यूज | सरायकेला सरायकेला प्रखंड अंतर्गत जगन्नाथपुर के रांगाटांड मैदान में आयोजित होने वाले जन्माष्टमी त्योहार में श्रीश्री कृष्ण जन्माष्टमी पूजा सह श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण समिति जगन्नाथपुर के बैनर तले हर साल की भांति इस साल भी झारखंड अधिविध परिषद रांची, सीबीएसई बोर्ड न्यू दिल्ली व आईसीएसई बोर्ड समेत अन्य बोर्ड से इस वर्ष प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए मैट्रिक व इंटर के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया जाएग। पूजा के दूसरे दिन 16 अगस्त की शाम सात बजे पूजा पंडाल में समारोह आयोजित कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर पूजा समिति के सचिव हेमसागर प्रधान ने बताया कि शिक्षा किसी भी समाज की दिशा व दशा को बदल सकती है। शिक्षार्थियों के हित के लिए हमें हमेशा साथ देना पड़ेगा। शिक्षार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए ही इस प्रकार का आयोजन विगत कई वर्षों से मेला परिसर पर किया जा रहा है, ताकि महालीमोरूप जैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिक्षा का अलख जगाया जा सके। शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाया जाए सब पढ़े-सब बढ़े युक्ति को चरितार्थ करते हुए पूजा संचालन समिति इस प्रकार का बीड़ा उठायी है। पूजा समिति के अध्यक्ष नागेश्वर प्रधान ने सभी से अपील की है कि इस सम्मान समारोह में सब कोई अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।


