करौली जिले के रघुवंशी गांव में स्वच्छ भारत अभियान के तहत माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर एसबीआई फाउंडेशन और आंचल चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। शिविर में महिलाओं और किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित सैनिटरी उत्पादों के उपयोग, संक्रमण से बचाव और समग्र स्वास्थ्य देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने सही माहवारी स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। 240 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान “एसबीआई संजीवनी- क्लिनिक ऑन व्हील्स” के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की गईं। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रतिभागियों की स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। शिविर में जरूरतमंदों को सैनिटरी नैपकिन भी वितरित किए गए।
इस जागरूकता शिविर में कुल 240 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “माई हेल्थ मैटर्स” नारे के साथ एक जागरूकता रैली भी निकाली गई।
आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता को मजबूत करना है, ताकि एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण हो सके। ग्रामवासियों ने एसबीआई फाउंडेशन और आँचल चैरिटेबल ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया।


