हिमाचल की राजधानी शिमला में एक कश्मीरी व्यक्ति के वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। यह व्यक्ति अपने आपको समुदाय विशेष का बोलता है। वह, कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बताता है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। एक मिनट 52 सेकेंड के वीडियो में व्यक्ति जय हिंद और भारत माता की जय बोलने से इनकार करता है। राष्ट्रीय हिंदू वाहिनी हिमाचल ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है और व्यक्ति के खिलाफ प्रशासन व पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। यह वीडियो शिमला के उप नगर संजौली के एक होटल का है। इसे 26 जनवरी को दोपहर बाद लगभग 4.30 बजे रिकॉर्ड किया गया। बताया जा रहा है कि कश्मीरी व्यक्ति होटल में LPG सिलेंडर देने आया था और शिमला में मजदूरी करता है। इस दौरान होटल के एक कर्मचारी ने वीडियो रिकॉर्ड कर दिया। इस वीडियो में क्या बात हुई, उसे सवाल-जवाब में पढ़े.. कर्मचारी- किसने बोला कि मुसलमान जय हिंद नहीं बोलता, भारत माता की जय बोलो। कश्मीरी- क्यों बोलो। वो तुम्हारे पास है, हमारे पास नहीं है। कर्मचारी- कश्मीर क्या भारत से अलग है। कश्मीरी- सिर हिलाकर हां कहता है। कर्मचारी- कश्मीर क्या पाकिस्तान का है। कश्मीर- हां। कर्मचारी- तो यहां हिमाचल में क्या कर रहे हैं, पाकिस्तान जाओ। कश्मीरी- आप पाकिस्तान जिंदाबाद बोलो। कर्मचारी- मैं तो बोल दूंगा, ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’, मेरे लिए तो सब बराबर है। मैंने बोल दिया ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’, अब आप बोलो ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’। कश्मीरी- हम नहीं बोलते, हम है मुसलमान। कर्मचारी- मैं तो आपके धर्म की बात नहीं कर रहा। आपने बोला ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ बोल, मैने बोल दिया। अब आप बोलो ‘भारत माता की जय’। कश्मीरी- हम नहीं बोलते। कर्मचारी- खाना तो भारत का खा रहे हो, जमीन भारत की है। उगा के तो भारत दे रहा है, भारत माता की जय बोलो। कश्मीरी- इस पर कश्मीरी होटल की रिसेप्शन से चला जाता है। संजौली में सिलेंडर ढुलाई करता है काम बता दें कि शिमला में काफी संख्या में कश्मीरी मजदूर काम करते हैं। जिस व्यक्ति का वीडियो वायरल हुआ है, वह भी संजौली क्षेत्र में सिलेंडर की ढुलाई का काम करता है। वह काफी सालों से शिमला में ही काम करता है। मगर उसके वीडियो पर बवाल मच गया है। शिमला में बुलाई मीटिंग, बनाएंगे रणनीति- अशोक राष्ट्रीय हिंदू वाहिनी हिमाचल के अध्यक्ष अशोक शर्मा ने कहा- भारत में रहकर यह सब कहना गलत है। उन्होंने बताया कि प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि आज शाम को मसले पर मीटिंग बुलाई गई है। इसमें चर्चा के बाद आगामी रणनीति तय होगी कि इस मामले में क्या किया जाए। वहीं इस मामले में संजौली पुलिस को अब तक कोई शिकायत नहीं मिली।


