रणजीत एवेन्यू के डी-ब्लॉक में कैफिन रेस्टोरेंट के पास स्थित पार्किंग इन दिनों बदहाली का शिकार है। पिछले एक साल से खराब पड़ी पार्किंग लाइटों के कारण रात के समय यहां गहरा अंधेरा रहता है, जिससे वाहन चोरी और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं का डर बना रहता है। पार्किंग की ओर जाने वाली सड़क भी जर्जर हो चुकी है। बारिश के बाद सड़कों के गड्ढों में पानी भर गया है, जो अंधेरे के कारण दिखाई नहीं देते। हाल ही में यहां एक बाइक सवार गंभीर दुर्घटना का शिकार होते-ओते बचा। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि लाइटों की मरम्मत और सड़कों का पुनर्निर्माण जल्द कराया जाए ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।


