रतनगढ़ में 10किलो चांदी की लूट की घटना निकली झूठी:पुलिस को सूचना देने वाला युवक गिरफ्तार

चूरू जिले के रतनगढ़ में 10 किलो चांदी की लूट की झूठी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना देने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक ने पुलिस को बताया था कि कुछ लोग उसके घर से चांदी लूटकर फरार हो गए हैं। रतनगढ़ थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि रतननगर के जसरासर गांव निवासी 36 वर्षीय रोहिताश सोनी, जो वर्तमान में रतनगढ़ के शिवबाड़ी क्षेत्र में रहता है, ने कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। उसने बताया कि अंकित और उसके 2 साथी उसके घर आए और चांदी की पायजेब से भरा बैग लेकर भाग गए। इस सूचना पर जिलेभर की पुलिस अलर्ट हो गई और कड़ी नाकाबंदी करवाई गई। एसपी जय यादव और एएसपी दिनेश कुमार के निर्देश पर डीएसपी इनसार अली ने थानाधिकारी गौरव खिड़िया के सुपरविजन में एक टीम का गठन किया। एसआई गिरधारीलाल ने परिवादी रोहिताश से संपर्क किया, जिसने बताया कि एक कार में चार-पांच व्यक्ति 10 किलो चांदी लूटकर भागे हैं। पुलिस ने सूचना के दो घंटे के भीतर ही कथित आरोपियों को चूरू में पकड़ लिया और रतनगढ़ पुलिस को सूचित किया। रतनगढ़ थाने की टीम ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर परिवादी से आमना-सामना करवाया। पूछताछ में सामने आया कि 10 किलो चांदी की लूट की खबर पूरी तरह झूठी थी। पुलिस जांच में पता चला कि रोहिताश और अंकित कुमार के बीच रुपयों के लेन-देन का विवाद चल रहा था। रोहिताश ने अंकित को पैसे लौटाने के लिए रतनगढ़ बुलाया था। अंकित अपने साथियों मुकेश, अभिषेक और पंकज के साथ रतनगढ़ आया, जहां रुपयों के बदले रोहिताश ने उसे एक किलो चांदी दी थी। झूठी सूचना देने के आरोप में पुलिस ने रोहिताश सोनी को शांतिभंग के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *